नाबालिगों को गंजा कर परेड करवा फंसी हिसार पुलिस:राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में एसपी की शिकायत; निष्पक्ष जांच करवाने की मांग

नाबालिगों को गंजा कर परेड करवा फंसी हिसार पुलिस:राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में एसपी की शिकायत; निष्पक्ष जांच करवाने की मांग

हिसार में नाबालिग अपराधियों की पुलिस द्वारा परेड कराने और सोशल मीडिया पर उनकी पहचान सार्वजनिक करने का मामला अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक पहुंच गया है। जिला अदालत के अधिवक्ता व हिसार बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव नरेश गोयल ने NHRC अध्यक्ष को शिकायत भेजकर हिसार एसपी सिद्धांत जैन समेत संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि एचटीएम थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने स्क्रैप गोदाम पर फायरिंग की थी। इसके बाद पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा था। इसके खिलाफ हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ था। सिर मुंडवाकर परेड़ निकलवाई पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों को पकड़ा और उनकी निशानदेही पर एक बाइक तथा अवैध हथियार बरामद किया। पुलिसकर्मियों ने सिर मुंडे दोनों नाबालिगों को सड़क पर पैदल घुमाया, जिसके वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गए। बताया जा रहा है पुलिस ने यूट्यूबरों को बकायदा फोन कर इसके बारे में सूचना दी और परेड की वीडियो बनावकर जानबूझकर वायरल करवाई। जानिए शिकायत में पुलिस पर क्या आरोप लगाए… पहचान उजागर करने का आरोप: शिकायतकर्ता का कहना है कि पुलिस प्रवक्ता की ओर से जारी वीडियो में नाबालिगों के चेहरे साफ दिख रहे थे और प्रेस नोट में उनके नाम भी शामिल थे। विवाद बढ़ने के बाद इन्हें इंटरनेट से हटाया गया। कानून का उल्लंघन: अधिवक्ता का आरोप है कि यह कदम ‘किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015’ तथा बच्चों की गरिमा, निजता और अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। स्वतंत्र जांच की मांग: शिकायतकर्ता ने एसपी सिद्धांत जैन और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच करवाने और हरियाणा पुलिस महानिदेशक (DGP) से समयबद्ध जांच रिपोर्ट मंगवाने की मांग की है। सबूत सुरक्षित रखें: घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, रिकॉर्ड और वीडियो को सुरक्षित रखने और सोशल मीडिया व विभिन्न प्लेटफॉर्म्स से नाबालिगों की तस्वीरें व वीडियो तुरंत हटवाने की मांग की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *