हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एनएच-9 पर जांच के दौरान 600 किलो पनीर पकड़ा। यह पनीर मुरादाबाद से दिल्ली बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान पनीर में खट्टापन और बदबू मिली। इसके बाद टीम ने दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजे और बाकी 597 किलो पनीर जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में दबवा दिया। विभाग के मुताबिक, नष्ट किए गए पनीर की कीमत 1,81,488 रुपए है। ढाबे के पास वाहन रोककर की जांच खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10 बजे टीम ने एनएच-9 पर चोटीवाला ढाबे के पास एक वाहन को रोककर जांच की। आयुक्त के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। वाहन संख्या यूपी-21 जीटी-2451 महिंद्रा वीरा में पनीर रखा था। ड्रम, फ्रीजर और पेटियों में रखा था पनीर जांच के दौरान वाहन में एक प्लास्टिक ड्रम, एक बड़ा फ्रीजर और दो बड़ी पेटियां मिलीं। इनमें करीब 600 किलो पनीर रखा हुआ था। सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्र के अनुसार, पनीर को अखाद्य बर्फ के साथ गंदे बर्तनों में अस्वच्छ तरीके से रखा गया था। उसमें खट्टापन और बदबू मिलने से गुणवत्ता पर संदेह हुआ। दो नमूने जांच के लिए भेजे टीम ने पनीर के दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद पनीर की गुणवत्ता स्पष्ट होगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाकी पनीर को बिक्री के लिए अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट करने की कार्रवाई की। जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर दबाया पनीर कार्रवाई के दौरान जेसीबी से गड्ढा खुदवाया गया और बाकी 597 किलो पनीर मिट्टी में दबा दिया गया। विभाग ने इसकी कीमत 1,81,488 रुपए बताई है। कार्रवाई के समय मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोवेन्द्र सिंह व आरपी गंगवार मौजूद रहे।

