प्रयागराज में जमीन में गड़े 3 ड्रमों में करोड़ों मिले:500-500 रुपए के नोटों की गड्डियां भरी थीं; 4 हिरासत में; गिने जा रहे नोट

प्रयागराज में जमीन में गड़े 3 ड्रमों में करोड़ों मिले:500-500 रुपए के नोटों की गड्डियां भरी थीं; 4 हिरासत में; गिने जा रहे नोट

प्रयागराज में जमीन के नीचे गड़े तीन ड्रमों से करोड़ों रुपए की नकदी मिली है। ड्रमों में 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं।पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं आयकर विभाग की टीम आज इन नोटों की गिनती करेगी। बताया जा रहा है बरामद नकदी करीब 4 से 5 करोड़ रुपए के बीच हो सकती है। मामला नवाबगंज के बरईपुर रामनगर गांव का है। ऐसे लगी पुलिस को भनक, जमीन खोदकर निकाले ड्रम पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर शाम सूचना मिली कि बरईपुर रामनगर निवासी राकेश यादव के घर में कथित तौर पर चोरी के रुपए जमीन में गाड़कर रखे गए हैं। सूचना मिलते ही डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी गंगानगर पुष्कर वर्मा समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घर की तलाशी के दौरान जमीन में दबाकर रखे गए तीन ड्रम मिले। इनमें नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। पुलिस ने नकदी को कब्जे में लेकर सील कर दिया। लॉकडाउन के दौरान पुणे से आया था परिवार पुलिस की शुरुआती जांच में पुणे से जुड़े कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है। बताया जा रहा है कि राकेश यादव का भाई बबलू यादव कई साल से पुणे में रहता था। वर्ष 2020 में कोरोना लॉकडाउन के दौरान वह अपने दो जीजा और साढ़ू के साथ गांव आया था। आशंका जताई जा रही है कि बरामद रकम का संबंध इसी दौरान गांव लाई गई नकदी से हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिवार में विवाद के एंगल से भी जांच बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले राकेश यादव के परिवार में विवाद हुआ था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं पारिवारिक विवाद का जमीन में छिपाकर रखी गई नकदी से कोई संबंध तो नहीं है। पुलिस बरामद रकम के स्रोत और उससे जुड़े लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। ग्रामीणों का दावा- कुछ साल में खरीदी कई बीघा जमीन ग्रामीणों के मुताबिक, राकेश यादव ने पिछले कुछ वर्षों में कई बीघा खेत खरीदे। इसके अलावा करीब 1.5 करोड़ रुपए की लागत से मकान बनवाने के साथ दो ट्रैक्टर और डीजे भी खरीदा। पुलिस अब उसकी संपत्ति और आय के स्रोतों की जानकारी जुटा रही है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। आयकर विभाग करेगा नकदी की गिनती डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार के मुताबिक, मकान में जमीन के नीचे दबाए गए तीन ड्रमों से करोड़ों रुपए मिले हैं। गिनती पूरी होने के बाद ही बरामद रकम की सही जानकारी सामने आएगी। आयकर विभाग और संबंधित एजेंसियों को सूचना दे दी गई है। पुलिस नकदी के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *