घाटमपुर में डंपर की भिड़ंत, चालक गंभीर:आगे चल रहे डंपर ने लगाई ब्रेक, पीछे से घुसा डंपर अनियंत्रित होकर खाई में पलटा

कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में डंपर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हिरनी मोड़ के पास आगे चल रहे डंपर के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहा डंपर अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड्ड में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया। सजेती थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी 40 वर्षीय सोनू पुत्र गिरजा शंकर डंपर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। गुरुवार सुबह वह डंपर लेकर कानपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घाटमपुर थाना क्षेत्र के हिरनी मोड़ के पास आगे चल रहे डंपर ने अचानक ब्रेक लगा दी। बताया जा रहा है कि पीछे चल रहा डंपर समय रहते नहीं रुक सका और आगे वाले वाहन से टकरा गया। टक्कर के बाद डंपर अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड्ड में पलट गया। राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना हादसे में चालक सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना देखकर राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को बाहर निकलवाकर पतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद हैलट रेफर सीएचसी पतारा में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि डंपर पलटने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल चालक को अस्पताल भिजवाया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *