गाजियाबाद में ब्रजेश पाठक बोले-बजट कम हो तो प्रस्ताव भेजें:खेलकूद समारोह का शुभारंभ करने के बाद MMG अस्पताल का निरीक्षण किया

गाजियाबाद में ब्रजेश पाठक बोले-बजट कम हो तो प्रस्ताव भेजें:खेलकूद समारोह का शुभारंभ करने के बाद MMG अस्पताल का निरीक्षण किया

गाजियाबाद में रविवार को 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 की शुरुआत हुई। पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में आयोजित चार दिवसीय समारोह का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। इसमें देश के सभी राज्यों से विद्या भारती के करीब 850 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन के बाद डिप्टी सीएम एमएमजी जिला अस्पताल पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। समारोह में एथलेटिक्स की कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें 100, 200 और 400 मीटर दौड़, बाधा दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक शामिल हैं। परेड ग्राउंड में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए अलग-अलग गैलरी बनाई गई हैं। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था विद्या भारती के स्कूलों में की गई है। आयोजकों के मुताबिक, विद्या भारती राष्ट्रीय स्तर पर कुल 39 खेलों का आयोजन करती है। इसी क्रम में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के लिए अखिल भारतीय खेलकूद समारोह आयोजित किया जाता है। इमरजेंसी वार्ड में मरीजों से पूछा- इलाज कैसा मिल रहा? समारोह का उद्घाटन करने के बाद ब्रजेश पाठक एमएमजी जिला अस्पताल पहुंचे। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा, सीएमओ डॉ. सचिन चंद्र वैश्य और सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने उनका स्वागत किया। डिप्टी सीएम ने अस्पताल के आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया। वहां भर्ती मरीजों से उपचार और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में पूछा। वार्ड में ज्यादातर मरीज बुखार और मौसमी बीमारियों से पीड़ित थे। मरीजों और उनके तीमारदारों ने अस्पताल की सुविधाओं पर संतोष जताया। उन्होंने दुर्घटना में घायल एक मरीज से भी बातचीत की और उसे नशे से दूर रहने की सलाह दी। नई बिल्डिंग का काम गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश ब्रजेश पाठक ने अस्पताल परिसर में बन रही नई बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और गुणवत्ता के साथ काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बजट की कमी होने पर प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजा जाए। जर्जर भवनों की जांच कराकर ध्वस्त करने के निर्देश डिप्टी सीएम ने अस्पताल के पुराने भवनों की पीडब्ल्यूडी से तकनीकी जांच कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जर्जर भवनों को नियमानुसार ध्वस्त कराया जाए और उपयोग योग्य भवनों की मरम्मत कराई जाए। चिकित्सकों के खाली पदों को भरने के लिए शासन को पत्र भेजने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *