सीहोर के भोपाल नाका स्थित होटल में रविवार को ढींगरा फैमिली फाउंडेशन इंडिया अमेरिका ने डिप्लोमा वितरण और प्रतिभा सम्मान समारोह किया। इसमें सत्र 2025-26 में कंप्यूटर प्रशिक्षण पूरा करने वाली 400 बालिकाओं को डिप्लोमा दिए गए। फाउंडेशन आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीण बालिकाओं के लिए निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र चलाता है। केंद्र के 12वें वर्ष के मौके पर यह समारोह हुआ। प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जुड़ीं और आत्मनिर्भर बनीं बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया। फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. ओम ढींगरा ने अपने परिवार के संघर्षों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने देश के विभाजन का सामना किया।लेकिन मुश्किलों के बावजूद हार नहीं मानी। उन्होंने बालिकाओं से हौसले के साथ आगे बढ़ते रहने की अपील की। विधायक ने फाउंडेशन के काम की सराहना की विधायक सुदेश राय ने फाउंडेशन के काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि बेटियों की पढ़ाई के लिए हर संभव मदद करेंगे और पढ़ाई के दौरान आने वाली आर्थिक समस्या के समाधान के लिए तैयार रहेंगे। समाजसेवी अखिलेश राय ने फाउंडेशन के काम में सहयोग देने की बात कही। जगद्गुरु पंडित अजय पुरोहित ने बालिकाओं को जीवन मूल्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में समाजसेवी नमिता राय, अरुणा राय और स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. विजय सक्सेना भी मौजूद रहे। पंकज सुबीर ने अतिथियों को कार्यक्रम की जानकारी दी और जयंत दासवानी ने स्वागत भाषण दिया।

