गड्ढों में नारियल-अगरबत्ती लगाकर सड़क को दी श्रद्धांजलि:मंदसौर में कांग्रेस ने कहा- जल्द मरम्मत नहीं हुई तो करेंगे चक्काजाम

गड्ढों में नारियल-अगरबत्ती लगाकर सड़क को दी श्रद्धांजलि:मंदसौर में कांग्रेस ने कहा- जल्द मरम्मत नहीं हुई तो करेंगे चक्काजाम

मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में खराब सड़कों के विरोध में कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। लुनाहेड़ा गांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढों में नारियल और अगरबत्ती लगाई। इसके बाद पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा और सड़क को श्रद्धांजलि दी। जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने बताया कि लुनाहेड़ा-बावड़ी फंटे से लसूड़िया राठौर तक सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। पिपलियामंडी से नारायणगढ़ और नारायणगढ़ से मल्हारगढ़ तक की सड़कें भी खराब हैं। उनका कहना है कि इससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो चक्काजाम किया जाएगा। शर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने सड़कें नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का जाल बिछाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार को 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार बताया। ग्रामीण बोले- सड़क पर 1500 गड्ढे लुनाहेड़ा निवासी महेश सेन ने दावा किया कि बावड़ी से लसूड़िया राठौर तक सड़क पर करीब 1500 छोटे-बड़े गड्ढे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की खराब हालत को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में भंवरलाल सिंदम, हिरालाल कोढ़ा, महेश मालवीय, नारायण सिंदम, दशरथ सिंदम, सोनू मालवीय, सुरेश मेघवाल, हिम्मत सिंह, सूर्यवीर सिंह, मुकेश, भेरू, अमृतराम, भोपाल सिंह और अनवर पठान सहित ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *