गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार स्लीपर बस, 26 यात्री घायल, मची चीख-पुकार

गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार स्लीपर बस, 26 यात्री घायल, मची चीख-पुकार

बदायूं। मंगलवार तड़के गंगा एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने चीख-पुकार मचा दी। इस्लामनगर थाना क्षेत्र में लहरावन इंटरचेंज के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 26 यात्री घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चालक को नींद आ गई थी। पंजाब के लुधियाना से उन्नाव जा रही बस जैसे ही बदायूं बॉर्डर के पास पहुंची, चालक का नियंत्रण हट गया और बस सीधे एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।

टक्कर के बाद बस में मचा कोहराम

हादसे के बाद बस के अंदर चीख-पुकार गूंज उठी। यात्री सीटों से उछलकर गिर पड़े, कई लोग घायल होकर कराहने लगे। मौके पर कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी बाधित हो गया और राहगीरों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही सीओ बिल्सी केके तिवारी इस्लामनगर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू शुरू कराया। सभी घायलों को एंबुलेंस से पहले बहजोई सीएचसी भेजा गया, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल संभल रेफर किया गया।

हरदोई-लखनऊ-उन्नाव से लेकर लुधियाना तक के यात्री घायल

हादसे में घायल यात्रियों में हरदोई, लखनऊ, उन्नाव और लुधियाना के लोग शामिल हैं। बस में करीब 65 यात्री सवार थे, जिनमें से 26 घायल हुए। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आई है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि समय पर राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *