PHD चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने वर्ष 2026-27 के लिए कृष्ण बी. गोयल को राजस्थान चैप्टर का अध्यक्ष नियुक्त किया है। गोयल द्वारका जेम्स लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। ज्वेलरी कारोबार में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उनकी नियुक्ति को राजस्थान के उद्योग और व्यापार जगत के लिए अहम माना जा रहा है।
नवनियुक्त अध्यक्ष कृष्ण बी. गोयल ने कहा कि PHD चैंबर कई वर्षों से अपने कार्यक्रमों के जरिए उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने का काम कर रहा है। यह संस्था उद्योग जगत और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में चैंबर राजस्थान सरकार, उद्योगों, व्यापारिक संगठनों और उद्यमियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर काम करेगा। इसके साथ ही, प्रदेश में निवेश बढ़ाने, नए उद्यमियों को आगे बढ़ने के अवसर देने और व्यापार एवं उद्योग से जुड़ी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
गोयल की नियुक्ति से राजस्थान में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ नए निवेश के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

