कानपुर में रिंग रोड कर्मी को ट्रक ने रौंदा:ड्यूटी से घर जाते समय हादसा, ग्रामीणों ने हाईवे जाम किया

कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह साढ़े 9 बजे एक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई। बिधनू के हड़हा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया, जिसके विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। मृतक की पहचान शंभुआ निवासी रामनरेश (32) के रूप में हुई है। वह रमईपुर में निर्माणाधीन रिंग रोड में कार्यरत था। रामनरेश सोमवार रात की शिफ्ट खत्म कर मंगलवार सुबह अपनी बाइक से घर लौट रहा था। हड़हा गांव के पास एक पेट्रोल पंप से तेल डलवाकर सड़क पर आते ही घाटमपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामनरेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित भीड़ ने शव को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। जब पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, तो ग्रामीणों और पुलिस के बीच बहस हुई। यातायात बाधित होने से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी और उचित मुआवजा दिलाने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिससे यातायात बहाल हो सका। रामनरेश की मृत्यु की खबर से परिवार में शोक का माहौल है। उनकी पत्नी रविता और मां रानी सदमे में हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों से तहरीर ली जा रही है और फरार ट्रक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *