हरदोई में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सोमवार रात प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसपी के निर्देश पर जनपद के पांच क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। उन्हें नई और अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस संबंध में जिला पुलिस कार्यालय ने सोमवार रात 7:31 बजे प्रेस नोट जारी कर जानकारी दी। इसमें सभी अधिकारियों को अपने नए प्रभार तुरंत प्रभाव से संभालने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक (लाइन) और क्षेत्राधिकारी शाहाबाद का काम देख रहे आलोक राज नारायण को अब अपर पुलिस अधीक्षक (लाइन) के साथ एसपी द्वारा सौंपे जाने वाले अन्य प्रशासनिक काम दिए गए हैं।
क्षेत्राधिकारी सण्डीला रहे संतोष कुमार सिंह को अब क्षेत्राधिकारी शाहाबाद बनाया गया है। वे शाहाबाद, पाली, पचदेवरा और मझिला थानों की व्यवस्था देखेंगे। इसके अलावा, श्लोक गौतम के सण्डीला क्षेत्र के प्रभार में भी थोड़ा बदलाव किया गया है। इसी क्रम में, क्षेत्राधिकारी अपराध, साइबर और ए.एच.टी. का प्रभार संभाल रहे अनिल कुमार सिंह की जिम्मेदारियां बढ़ाई गई हैं। उन्हें अब अपराध और साइबर के साथ-साथ यू.पी. 112, कंट्रोल रूम, भवन और फील्ड यूनिट की अहम जिम्मेदारी भी दी गई है।
दूसरी ओर, क्षेत्राधिकारी हरपालपुर रहे प्रवीण कुमार यादव को हरपालपुर क्षेत्र (जिसमें हरपालपुर, अरवल, लोनार, बेहटा गोकुल और सवायजपुर थाने शामिल हैं) के साथ पहले की तरह डीसीआरबी, नारकोटिक्स सेल, जन सूचना सेल, किशोर इकाई और चुनाव सेल की जिम्मेदारी पर रखा गया है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों को ध्यान से निभाने और लोगों की शिकायतें सुनने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

