आजमगढ़ के चिरैयाकोट-खरिहानी रोड पर बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 28 वर्षीय विवेकानंद यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का वाराणसी में इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। महमुगंज पुल के पास हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, मेंहनगर क्षेत्र में महमुगंज पुल के पास दो बाइकों की भिड़ंत हुई। तरवा थाना क्षेत्र के खजुरा गांव निवासी विवेकानंद यादव बोंगरिया से खरिहानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर बिशुनपुरा निवासी ऋषभ, देवगांव निवासी रोहित मौर्य और अनिल गौड़ सवार थे। हादसे में चारों लोग घायल हो गए, जिनमें विवेकानंद की मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया घटना की सूचना मिलने पर बोंगरिया चौकी प्रभारी श्रीकृष्ण कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने विवेकानंद के शव को कब्जे में लेकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। बाद में मेंहनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव घर पहुंचते ही छाया मातम विवेकानंद का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना से दुखी लोगों ने बोंगरिया बाजार में अपनी दुकानें बंद रखीं। युवक का अंतिम संस्कार गाजीपुर के सैदपुर घाट पर किया गया।

