अर्नब तूफान के कारण बारिश-सर्द हवा, 8-डिग्री तक गिरा पारा:अचानक बढ़ी सर्दी से ठिठुरा राजस्थान, जानें- कैसी होगी नवंबर की शुरुआत

अर्नब तूफान के कारण बारिश-सर्द हवा, 8-डिग्री तक गिरा पारा:अचानक बढ़ी सर्दी से ठिठुरा राजस्थान, जानें- कैसी होगी नवंबर की शुरुआत

अर्नब तूफान के कारण राजस्थान में हुई बारिश और उसके बाद चली हवा से शुक्रवार को कई शहरों का दिन का तापमान 8 डिग्री तक गिर गया। तापमान में हुई इतनी बड़ी गिरावट से दिन में तेज सर्दी हो गई है। आज से प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और धूप निकलने से लोगों को दिन में सर्दी से राहत मिलेगी। पिछले 24 घंटे में जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर संभाग के जिलों में शुक्रवार दोपहर तक रुक-रुककर बरसात हुई। सर्द हवा ने भी ठंडक बढ़ा दी। शाम को मौसम साफ होने लगा और हवा भी थोड़ी कमजोर होने से राहत मिली। मौसम के बड़े अपडेट्स 35 डिग्री से नीचे रहा पारा: शुक्रवार को प्रदेश में सभी शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे रहा। दिन का सबसे अधिक तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ। जैसलमेर में 33.3, पाली में 32.4, जोधपुर में 30.9, चूरू में 30.4, गंगानगर में 30.3 और फलोदी में 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब आगे क्या: मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में आज पूर्वी जिलों भरतपुर, धौलपुर के एरिया में कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रहने की संभावना जताई है। जबकि पश्चिमी जिलों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने और 1 नवंबर से पूरे प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल जयपुर: शुक्रवार दोपहर तक तक हल्की बारिश हुई। इसके बाद भी शाम तक बादल छाए रहे। ठंडी हवा के कारण अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिन जयपुर में मौसम साफ रहने और दिन में धूप रहने की संभावना जताई है। अलवर: शुक्रवार सुबह 5 बजे से बारिश और बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ, जो दोपहर करीब 2 बजे तक जारी रहा। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से दोपहर तक हुई बारिश के कारण लोगों को दिन में भी ठंड का अहसास हुआ। शाम को मौसम साफ होने के बाद भी ठंडक बनी रही। अजमेर: सुबह से ही मौसम में ठंडक बनी रही। सूरज निकलने के बावजूद ठंडी हवा के कारण लोगों को दिनभर सर्दी का अहसास हुआ। अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री और न्यूनतम 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोटा: शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे और ठंडी हवा चली। दोपहर में नए कोटा एरिया में हल्की बारिश हुई अधिकतम तापमान में 7 डिग्री गिरकर करीब 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जोधपुर: मौसम विभाग ने शुक्रवार को हल्की बारिश का अनुमान जताया था, हालांकि बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। उदयपुर: शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में ठंडी हवा चल रही है और सर्दी का असर बढ़ गया है। सीकर: शुक्रवार दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। बादलों के कारण धूप कमजोर रही। दिन में ठंडी हवा की वजह से हल्की ठिठुरन का अहसास हुआ। अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री दर्ज किया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *