अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर परिषद की टीम का विरोध:अंबाला में दुकानदारों ने एकतरफा कार्रवाई के लगाए आरोप, मंत्री विज ने अधिकारियों को फोन कर दिए निर्देश

अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर परिषद की टीम का विरोध:अंबाला में दुकानदारों ने एकतरफा कार्रवाई के लगाए आरोप, मंत्री विज ने अधिकारियों को फोन कर दिए निर्देश

अंबाला छावनी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर नगर परिषद और दुकानदार आमने-सामने आ गए। सोमवार सुबह नगर परिषद की टीम बाजारों में अतिक्रमण हटाने पहुंची तो राय मार्केट के दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया। दुकानदारों का आरोप था कि नगर परिषद की टीम सिर्फ राय मार्केट में कार्रवाई कर रही है, जबकि राम बाजार और बजाजा बाजार समेत अन्य बाजारों में भी अतिक्रमण है। इसको लेकर दुकानदार कैबिनेट मंत्री अनिल विज के पास पहुंचे और अपनी शिकायत रखी। दुकानदारों की बात सुनने के बाद अनिल विज ने नगर परिषद के अधिकारियों को फोन कर पीली पट्टी के अंदर सामान रखने की अनुमति देने के निर्देश दिए। इसके बाद दुकानदारों ने भी भरोसा दिया कि वे पीली पट्टी के बाहर सामान नहीं रखेंगे और सड़क पर अतिक्रमण नहीं करेंगे। इससे पहले नगर परिषद की टीम ने सुबह करीब 10 बजे गोल चक्कर से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। टीम जब कार्रवाई करने पहुंची तो दुकानदारों ने विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए मौके पर एसएचओ को बुलाया गया। पुलिस ने दुकानदारों को समझाया, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई आगे बढ़ाई। त्योहारों में रास्ते खाली रखने के लिए चलाया अभियान नगर परिषद की ओर से त्योहारों के सीजन को देखते हुए बाजारों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दुकानों के बाहर सामान रखने और सड़क पर कब्जे के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है। इसके अलावा बाजारों में आगजनी जैसी घटना होने पर अतिक्रमण के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में दिक्कत हो सकती है। नगर परिषद के CSI सुनील दत्त ने बताया कि कमिश्नर के आदेश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। दुकानदारों को रास्ते खाली रखने के लिए कहा गया है। पूरे बाजार में टीम कार्रवाई कर रही है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि त्योहारों के दौरान आम लोगों की आवाजाही में बाधा न डालें और किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए रास्ते खुले रखें। मोबाइल दुकानदार बोले- सिर्फ हमें ही बनाया जा रहा निशाना अंबाला मोबाइल एसोसिएशन से जुड़े दुकानदार जतिन दुआ ने कहा कि उनकी दुकान के बाहर रखा सामान पीली पट्टी के अंदर ही है। इसके बावजूद नगर परिषद की टीम उन्हें सामान और अंदर करने के लिए कह रही है। उनका आरोप है कि राम बाजार और बजाजा बाजार में भी दुकानों के बाहर सामान रखा जाता है, लेकिन वहां इस तरह की कार्रवाई नहीं होती। जतिन दुआ ने कहा कि मोबाइल दुकानदारों को त्योहारों के दौरान ही कारोबार का अच्छा मौका मिलता है। दिवाली के बाद बाजार करीब डेढ़ से दो महीने तक मंदा रहता है। ऐसे में दुकानदारों को दुकान का किराया और कर्मचारियों का खर्च भी उठाना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से सभी बाजारों में एक समान नियम लागू करने की मांग की। दुकानदारों का कहना है कि वे सड़क के बीच में सामान नहीं लगा रहे और निर्धारित पीली पट्टी के अंदर ही सामान रखने को तैयार हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *