नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा क्षेत्र में बुधवार को एक युवक ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस जवानों ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। घायल का इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, सालीचौका चौकी क्षेत्र में दूधी नदी रेलवे पुल के पास एक व्यक्ति के ट्रेन से गिरने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन एफआरवी-03 के आरक्षक राजेंद्र धाकड़ और पायलट शुभम वर्मा मौके पर पहुंचे। मौके पर रेलवे ट्रैक पर एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस जवानों ने तत्काल उसे ट्रैक से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।। प्राथमिक उपचार के बाद गाडरवारा रेफर घायल युवक को एफआरवी वाहन से शासकीय अस्पताल सालीचौका ले जाया गया। अस्पताल में प्रधान आरक्षक करण सिंह ठाकुर ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल निजी एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को बेहतर इलाज के लिए शासकीय अस्पताल गाडरवारा रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। बिहार का रहने वाला है घायल युवक पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान सनी पासवान (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बिहार के वैशाली जिले का निवासी है। फिलहाल युवक के ट्रेन से गिरने की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है


