पति तीन शादी कर चुका, चौथी की तैयारी:दहेज नहीं मिलने पर पत्नी को निकाला; महिला का आरोप- मेरे नाम पर 1 लाख लोन लिया

पति तीन शादी कर चुका, चौथी की तैयारी:दहेज नहीं मिलने पर पत्नी को निकाला; महिला का आरोप- मेरे नाम पर 1 लाख लोन लिया

गुना शहर की रसीद कॉलोनी निवासी एक विवाहिता ने अपने पति, सास और देवर पर प्रताड़ना व धोखेबाजी के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि पति ने धोखे से उसके साथ तीसरी शादी की थी और अब वह उसे छोड़कर चौथी शादी रचाने जा रहा है। महिला ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस अधीक्षक शिकायत शाखा ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कलेक्टोरेट पहुंची पीड़िता राहिला तवस्सुम ने बताया कि सोहिल कुरेशी ने उसे धोखे में रखकर शादी की थी। शादी के एक साल बाद उसे पता चला कि यह सोहिल की तीसरी शादी है। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट करता है। इस प्रताड़ना में उसकी सास हजारा बानो और देवर अरजान उर्फ आदिल भी शामिल हैं, जो लगातार उसके पति को भड़काते हैं। चरित्र पर उठाए सवाल, बेरहमी से पीटा
पीड़िता के अनुसार, उसका पति उसके चरित्र पर झूठे लांछन लगाता है और मायके वालों को जान से मारने की धमकियां देता है। बीती 2 मई को भी आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की थी। जब महिला के पिता ने और अधिक दहेज देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी पति ने राहिला को घर से बाहर निकाल दिया। पत्नी के नाम पर लिया एक लाख का लोन, रिश्तेदारों से ऐंठे 2 लाख
आवेदन में महिला ने आर्थिक उत्पीड़न का भी खुलासा किया है। उसने बताया कि सोहिल ने उसके नाम पर करीब एक लाख रुपए का लोन ले रखा है। वह इसकी किश्तें जमा नहीं कर रहा है, जिसके कारण बैंक कर्मचारी महिला को मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं। इसके अलावा आरोपी पति अब तक उसके परिवार और रिश्तेदारों से दो लाख रुपए नकद ऐंठ चुका है। पहले भी की थी शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई
पीड़िता ने बताया कि वह पहले भी इस मामले में कई बार शिकायत कर चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। महिला ने जिला प्रशासन और पुलिस से अपनी जान-माल की रक्षा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *