मेहसाणा में मनपा चुनाव से पहले रंजिश को लेकर युवक की हत्या

मेहसाणा में मनपा चुनाव से पहले रंजिश को लेकर युवक की हत्या

वार्ड नंबर 4 के भाजपा उम्मीदवार महेंद्र के भांजे मितेन ने गंवाई जान, कांग्रेस प्रत्याशी लीला के पति भरत चौधरी सहित चार आरोपी

मेहसाणा. मनपा चुनाव से पहले रंजिश को लेकर शुक्रवार मध्यरात्रि बाद एक युवक की हत्या कर दी गई। वार्ड नंबर 4 के भाजपा उम्मीदवार महेंद्र चौधरी के भांजे मितेन चौधरी (22) ने हमले में जान गंवाई। कांग्रेस प्रत्याशी लीला चौधरी के पति भरत चौधरी सहित चार आरोपियों के खिलाफ ए डिवीजन थाने में मामला दर्ज किया गया।जानकारी के अनुसार, तावडिया चौकड़ी के पास मनपा चुनाव की रंजिश में युवक मितेन की हत्या कर दी गई। ए डिवीजन पुलिस स्टेशन क्षेत्र में देर रात लगभग 12:40 बजे घटना हुई। मितेन पर 4 लोगों ने डंडे और चाकू से जानलेवा हमला किया। बीच-बचाव करने आए हर्ष पर भी हमला किया गया।
आरोपी भरत चौधरी, धवल चौधरी, मयूर चौधरी और यश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मृतक मितेन के मामा महेंद्र चौधरी मनपा वार्ड 4 से भाजपा के उम्मीदवार हैं।कांग्रेस की लीला भरत चौधरी वार्ड नंबर 4 से प्रत्याशी हैं।

पूर्व नियोजित साजिश

मेहसाणा के पुलिस उपाधीक्षक मिलाप पटेल ने बताया कि पूर्व नियोजित साजिश के तहत हत्या की गई। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर एफएसएल की मदद से फरार आरोपियों की तलाश शुरू की।
तावडिया चौकड़ी रोड पर शिकायतकर्ता धीमंत चौधरी के चचेरे भाई हर्ष के साथ आरोपी गाली-गलौज और झगड़ा कर रहे थे। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे शिकायतकर्ता धीमंत और उनके फुफेरे भाई मितेन चौधरी पर आरोपियों ने हमला कर दिया। हमलावरों में भरत चौधरी, धवल चौधरी, मयूर चौधरी और यश चौधरी शामिल थे। धवल और मयूर ने डंडों से हमला किया, जबकि यश ने चाकू से मितेन के शरीर पर गंभीर वार किया। गंभीर रूप से घायल मितेन की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश मुख्य कारण बताई जा रही है। शिकायतकर्ता के रिश्तेदार महेंद्र चौधरी वर्तमान में मेहसाणा मनपा चुनाव में वार्ड नंबर 4 से भाजपा उम्मीदवार हैं। वहीं, कांग्रेस से लीलाबेन भरत चौधरी उम्मीदवार हैं। राजनीतिक वर्चस्व की इस लड़ाई में प्रतिद्वंदी उम्मीदवार के भांजे मितेन चौधरी की जान चली गई। आरोपियों ने वाहन के कांच तोड़कर लगभग 3000 रुपए का नुकसान भी किया।
घटना की जानकारी मिलते ही मेहसाणा शहर की ए डिवीजन पुलिस सक्रिय हो गई। मामला दर्ज कर इसकी जांच पुलिस निरीक्षक राजेशकुमार पारगी द्वारा की जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *