छेड़खानी के आरोप में चालान के बाद युवक लापता:जमानत पर रिहा होने के बाद आत्महत्या का वीडियो वायरल किया था

छेड़खानी के आरोप में चालान के बाद युवक लापता:जमानत पर रिहा होने के बाद आत्महत्या का वीडियो वायरल किया था

जालौन के कदौरा में एक युवक द्वारा आत्महत्या की आशंका जताते हुए वीडियो वायरल करने के बाद हड़कंप मच गया है। युवक के लापता होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं। जानकारी के अनुसार, कदौरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर निवासी युवक के खिलाफ नगर की एक महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए उसका चालान किया था। गुरुवार शाम युवक जमानत पर रिहा होकर घर पहुंचा। परिजनों के मुताबिक, कुछ देर घर में रुकने के बाद वह कालपी की ओर चला गया और उसके बाद से लापता है। तीन अलग-अलग टीमें गठित कीं इसी दौरान युवक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवक ने आरोप लगाया कि महिला ने उसके साथ मारपीट की थी। उसने यह भी कहा कि जब वह अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने उसकी बात सुने बिना महिला की छेड़खानी की तहरीर पर उसका चालान कर दिया। युवक ने खुद को मानसिक रूप से परेशान बताते हुए आत्महत्या करने की बात कही। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधिकारियों ने तत्काल युवक की तलाश के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस संभावित स्थानों पर उसकी खोजबीन कर रही है और उसके मोबाइल की लोकेशन भी ट्रेस की जा रही है। कदौरा के प्रभारी निरीक्षक परमेंद्र कुमार ने बताया कि युवक की सकुशल बरामदगी उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर उचित कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *