गुरुग्राम के सेक्टर-37 स्थित द्वारका एक्सप्रेस-वे पर एक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अब्दुल सुबहान के रूप में हुई है। वह मानसिक रूप से कमजोर था और दिल्ली के शाहदरा स्थित मानसिक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। परिजनों के अनुसार, अब्दुल सुबहान 1 मई से घर से लापता था। मृतक के पिता गुलाम उसमान खां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 मई की सुबह करीब 4 बजे द्वारका एक्सप्रेस-वे पर क्रिसूमी सोसायटी के पास किसी अज्ञात वाहन ड्राइवर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उनके बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण अब्दुल सुबहान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पिता की शिकायत पर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज सूचना मिलने पर सेक्टर-37 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस के जरिए गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।


