देवास जिले के विजयागंज मंडी क्षेत्र के बरखेड़ा गांव में मंगलवार शाम करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। युवक खेत पर चरी काटने गया था, तभी वह टूटे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अरुण मालवीय (22) के रूप में हुई है। मंगलवार शाम जब अरुण खेत पर चरी काट रहा था, तभी खेत से गुजर रही विद्युत लाइन का तार टूटकर नीचे आ गया और वह उसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजन धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के तार काफी समय से नीचे झूल रहे थे। इस संबंध में कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया गया था, लेकिन डेढ़ से दो वर्ष से स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ था। मंगलवार को हुई यह घटना इसी लापरवाही का परिणाम मानी जा रही है। परिजनों ने बताया कि जब काफी देर तक अरुण का फोन नहीं उठा तो ग्रामीण और परिवार के लोग खेत पर पहुंचे। वहां अरुण बिजली के तार की चपेट में आने के बाद खेत में पड़ा मिला। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की शवगृह में रखवाया गया है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


