Rajasthan: कजाकिस्तान में बुझ गया घर का इकलौता चिराग, बेटे के डॉक्टर बनने सपना चकनाचूर, मां का रो-रोकर बुरा हाल

Rajasthan: कजाकिस्तान में बुझ गया घर का इकलौता चिराग, बेटे के डॉक्टर बनने सपना चकनाचूर, मां का रो-रोकर बुरा हाल

करौली। राजस्थान के हिण्डौनसिटी उपखंड के गांव सिंघान से घर का इकलौता बेटा डॉक्टर बनने का सपना लेकर कजाकिस्तान गया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। राजस्थान के 22 वर्षीय एमबीबीएस छात्र बृजराज मीणा की झील में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ, जब वह अपने दोस्त को बचाने के लिए झील में कूद गया। बेटे के शव के गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

बृजराज मीणा करौली में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत राजेश मीणा का इकलौता पुत्र था। वह कजाकिस्तान की कारागांडा मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष का छात्र था। वर्ष 2024 में उसने वहां मेडिकल शिक्षा के लिए प्रवेश लिया था और पढ़ाई कर रहा था।

Karauli MBBS Student Death
नम आंखों से क्षेत्र के लोगों ने दी बृजराज को अंतिम विदाई (फोटो-पत्रिका)

दोनों युवकों की हुई मौत

परिजनों और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दयालसिंह सोलंकी के अनुसार, 30 मई को बृजराज अपने दोस्तों के साथ कारागांडा स्थित एक झील पर नहाने गया था। इसी दौरान उसका साथी निखिल पानी में डूबने लगा। मित्र को बचाने के प्रयास में बृजराज भी गहरे पानी में चला गया। हादसे में दोनों युवकों की जान चली गई।

मां हुईं बेसुध

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कजाकिस्तान से शव को दिल्ली लाया गया, जहां से परिजन उसे लेकर मंगलवार देर शाम गांव सिंघान पहुंचे। बेटे का शव देखते ही मां मिथलेश देवी बेसुध होकर बिलख पड़ीं। घर में मातम का माहौल बन गया। शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे ग्रामीण और रिश्तेदार भी परिवार का दर्द देखकर भावुक हो उठे।

16 दिन बाद घर लौटने वाला था बृजराज

परिजनों ने बताया कि बृजराज की परीक्षाएं 16 जून तक पूरी होने वाली थीं और इसके बाद वह घर लौटने की तैयारी कर रहा था। परिवार उसके घर आने का इंतजार कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद समाचार आ गया।

दोस्त ने दी हादसे की सूचना

दयालसिंह सोलंकी ने बताया कि बृजराज के पिता राजेश मीणा उस समय नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रशिक्षण शिविर में थे। उनका फोन बंद होने के कारण घटना की जानकारी उन्हें तुरंत नहीं मिल सकी। बाद में बृजराज के साथी मोहित ने उन्हें इस हादसे की सूचना दी।

क्षेत्र में शोक की लहर

मेधावी छात्र बृजराज की असमय मौत से परिवार, रिश्तेदारों और गांव के लोगों में गहरा शोक है। गांव में हर किसी की जुबान पर उसी की चर्चा है और लोग इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *