मऊगंज जिले के नईगढ़ी इलाके में शनिवार शाम जंगली सूअर के हमले में एक ग्रामीण घायल हो गया। घटना खैरहई गांव की है। जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय रामजी पटेल शाम करीब 7 बजे अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान पास के नाले की तरफ से एक जंगली सूअर तेज रफ्तार में आया और सीधे रामजी पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले में रामजी पटेल को पैर में गंभीर चोट आई है। ग्रामीणों ने शोर मचाकर भगाया रामजी की चीखें सुनकर पास-पड़ोस के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर दौड़े। ग्रामीणों के शोर मचाने पर सूअर वहां से भाग निकला और वापस नाले की झाड़ियों में छिप गया। इसके बाद घायल ग्रामीण को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। वन विभाग से सुरक्षा की मांग इस घटना के बाद से गांव के लोग डरे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे जान-माल का खतरा बना रहता है। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि जंगली जानवरों को गांव में आने से रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं और घायल को उचित मुआवजा दिया जाए।


