पेट्रोल भुगतान विवाद के बाद युवक लापता:मंदसौर में पंप कर्मियों-बारातियों ने की मारपीट; पत्नी बोली- पुलिस ले गई

मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित कोलवा के एक पेट्रोल पंप पर 30 अप्रैल की रात पैसों के विवाद में हुई मारपीट के बाद से एक युवक गायब है। पत्नी रानू कुंवर का आरोप है कि मारपीट के बाद डायल 112 की टीम उसके पति मंगलसिंह को अपने साथ ले गई थी, लेकिन थाने पहुंचने पर पुलिस ने किसी भी व्यक्ति को लाने से इनकार कर दिया। पति की तलाश में भटक रहे परिजनों ने शनिवार सुबह एसपी कार्यालय पहुंचकर एसपी विनोद कुमार मीना को ज्ञापन सौंपा है और मामले में जल्द कार्रवाई कर पति को तलाशने की मांग की है। पर्स-मोबाइल घर भूलने पर पंप कर्मियों और बारातियों ने पीटा ग्राम लीलदा निवासी पीड़ित महिला रानू कुंवर ने बताया कि 30 अप्रैल की रात करीब 8 बजे कन्हैयालाल नामक व्यक्ति उसके पति मंगलसिंह को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया था। दोनों ने कोलवा स्थित एक पेट्रोल पंप पर वाहन में पेट्रोल भरवाया। मंगलसिंह अपना मोबाइल और पर्स घर भूल गए थे, इसलिए वे भुगतान नहीं कर सके। उन्होंने पंप कर्मचारियों से बाद में पैसे देने या वाहन वहीं खड़ा रखने की बात कही। इसी बात पर विवाद हो गया और पंप कर्मचारियों ने मंगलसिंह के साथ गंभीर मारपीट की। आरोप है कि वहां खड़ी एक बस में मौजूद कुछ बारातियों ने भी मारपीट में हिस्सा लिया। मारपीट में मंगलसिंह के मुंह से खून निकलने लगा, जिसकी एक तस्वीर भी सामने आई है। पुलिस पर ले जाने का आरोप, थाने में किया इनकार घटना के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली। महिला का आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस मंगलसिंह को अपने साथ थाने ले गई। अगले दिन 1 मई की सुबह करीब 10 बजे जब परिजन नाहरगढ़ थाने पहुंचे, तो पुलिस ने बताया कि वे किसी को थाने नहीं लाए हैं। परिजनों ने थाने में भी स्वयं तलाश की, लेकिन मंगलसिंह वहां नहीं मिले। अस्पतालों में भी नहीं मिला सुराग, एसपी से की शिकायत थाने से निराशा मिलने के बाद परिजनों ने मंगलसिंह को नाहरगढ़ अस्पताल और मंदसौर जिला चिकित्सालय में भी तलाशा, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चला। इसके बाद शनिवार सुबह महिला अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और एसपी को ज्ञापन सौंपकर पति को ढूंढने की गुहार लगाई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *