लखनऊ के ठाकुरगंज स्थित कुड़ियाघाट पर शुक्रवार दोपहर गोमती नदी में नहाने गया एक युवक डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, हुसैनाबाद के पीर बुखारा निवासी विक्की वाल्मीकि का 19 वर्षीय बेटा अभिजीत शुक्रवार दोपहर बाइक से कुड़ियाघाट पहुंचा था। उसने घाट के पास बाइक खड़ी की और कपड़े व चप्पल उतारकर गोमती नदी में नहाने के लिए उतर गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घाट पर मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में समा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही ठाकुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरू कराई। करीब तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला। घाट के पास खड़ी बाइक के नंबर के आधार पर युवक की पहचान की गई और परिजनों को सूचना दी गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।


