वाराणसी में देर रात एक दर्दनाक हादसे में ग्रेटर नोएडा निवासी युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्षवर्धन ठाकुर (27) पुत्र संदीप सिंह निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। घटना दशाश्वमेध थाना क्षेत्र स्थित मान मंदिर घाट की बताई जा रही है। अब जानिए कैसे हुआ घटना जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात हर्षवर्धन घाट की ओर पहुंचे थे। इसी दौरान वह अचानक गंगा में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना तुरंत दशाश्वमेध पुलिस और जल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रात में ही युवक की तलाश शुरू कर दी गई। गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम भी सर्च ऑपरेशन में शामिल हुई। कई घंटों की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ जवानों, जल पुलिस और दशाश्वमेध पुलिस की संयुक्त टीम ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला। घाट पर सुरक्षा बढा़ने के लिए पुलिस से हुई अपील शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। मान मंदिर घाट पर हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी दुख का माहौल है। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और देर रात निगरानी को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। वहीं प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि रात के समय घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतें और गंगा किनारे सावधानी रखें।


