कपूरथला के सर्कुलर रोड पर देर रात एक सड़क हादसे में पल्सर बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर और सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया। जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 8 बजे सर्कुलर रोड पर हुआ। एक ट्रक (RJ-31-GB-2989) और पल्सर बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक ट्रक के नीचे आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक युवक की पहचान कराने में जुटी पुलिस सिटी थाना के एसएचओ अमनदीप नाहर ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर बाइक नंबर के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को भी हिरासत में ले लिया है। एसएचओ अमनदीप ने बताया कि पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


