शिवराजपुर में पिकअप ने युवक को कुचला, मौके पर मौत:बीमार मां को खाना देने जा रहा था, चालक फरार

शिवराजपुर में पिकअप ने युवक को कुचला, मौके पर मौत:बीमार मां को खाना देने जा रहा था, चालक फरार

कानपुर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपनी बीमार मां को खाना देने अस्पताल जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। आरोप है कि चालक भागने के प्रयास में युवक को कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मां खाने का करती रही इंतजार, मौत की सूचना से बेहोश हुई शिवराजपुर के गोपालपुर गांव निवासी आदित्य कमल (24) खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता की कुछ वर्ष पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। परिवार में मां मीरा देवी की तबीयत खराब होने पर उन्हें मंधना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। उनका पथरी का ऑपरेशन होना था। पड़ोसी विनय कोरी ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे आदित्य घर से बाइक लेकर अपनी मां को खाना देने अस्पताल जा रहा था। वह शिवराजपुर क्षेत्र में नमस्ते इंडिया प्लांट के आगे पहुंचा ही था कि तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आदित्य सड़क पर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक वाहन रोकने के बजाय भागने लगा और इसी दौरान युवक को कुचल दिया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक की पहचान उसके पास मिले मोबाइल फोन के जरिए की गई। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल में भर्ती मां को जब बेटे की मौत की जानकारी मिली तो वह बेसुध हो गईं। ग्रामीणों ने बताया कि पिता की मौत के बाद आदित्य ही परिवार का एकमात्र सहारा था। वह खेती के साथ-साथ परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रह था। शिवराजपुर थाना प्रभारी ने बताया- घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *