चलती बाइक में पेट्रोल डालते ही जला युवक, पेट्रोल चोरी कर भागने की आशंका

भास्कर संवाददाता। खरगोन जिले के बिस्टान क्षेत्र के गलतार गांव के पास मंगलवार को एक सनसनीखेज हादसा हो गया। कथित तौर पर दुकान से पेट्रोल की केन चुराकर भाग रहा युवक चलती बाइक में पेट्रोल भरने की कोशिश के दौरान आग की चपेट में आ गया। कुछ ही पलों में बाइक आग का गोला बन गई और युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। थाना प्रभारी गुलाब सिंह रावत ने बताया कि युवक मोहनपुरा की ओर से खरगोन आ रहा था। उसके पास प्लास्टिक की केन में पेट्रोल था। रास्ते में उसने चलती बाइक में ही पेट्रोल डालना शुरू कर दिया। भीषण गर्मी के कारण इंजन पहले से गर्म था। पेट्रोल की बूंदें इंजन पर गिरते ही आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी बाइक जलने लगी। युवक संभल पाता, इससे पहले ही वह आग की चपेट में आ गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पूछताछ में सामने आया है कि युवक किसी दुकान से पेट्रोल की केन लेकर भागा था। जिस बाइक पर वह सवार था, उसके भी चोरी का होने की आशंका है। हालांकि बाइक पूरी तरह जल चुकी है, जिससे उसकी पहचान में परेशानी आ रही है। थाना प्रभारी रावत ने बताया कि घायल युवक ने पुलिस को अपना नाम राम बताया है, लेकिन पता और पहचान स्पष्ट नहीं बता रहा। पुलिस को संदेह है कि वह अपनी असली पहचान छिपा रहा है। मामले की जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *