7 से 21 मई तक खुद ऑनलाइन कर सकेंगे स्व-गणना:देश में पहली डिजिटल जनगणना, सीडीओ ने अफसरों के साथ की बैठक

7 से 21 मई तक खुद ऑनलाइन कर सकेंगे स्व-गणना:देश में पहली डिजिटल जनगणना, सीडीओ ने अफसरों के साथ की बैठक

देश में पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होने वाली जनगणना-2027 के तहत नागरिकों को ‘स्व-गणना’ की सुविधा प्रदान की गई है। इस प्रक्रिया में आम लोग 7 से 21 मई तक घर बैठे ऑनलाइन अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जिला प्रशासन ने इस अभियान के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) नरेंद्र बहादुर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अमित कुमार राय सहित सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभियान की लगातार निगरानी करें और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। सीडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर से पंजीकरण कर सकते हैं। ओटीपी सत्यापन के बाद उन्हें 33 सवालों की प्रश्नावली भरनी होगी। फॉर्म जमा करने पर 11 अंकों की ‘एसई आईडी’ (SE ID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने जानकारी दी कि 22 मई से शुरू होने वाले जमीनी सर्वेक्षण के दौरान ‘स्व-गणना’ करने वाले नागरिकों को विशेष सुविधा मिलेगी। प्रगणक के आने पर उन्हें केवल अपनी एसई आईडी दिखानी होगी, जिसके बाद डेटा का मिलान कर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी प्रक्रिया सुरक्षित है और इसमें किसी भी तरह की बैंक या आधार से संबंधित जानकारी नहीं मांगी जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और देश की पहली डिजिटल जनगणना को सफल बनाने में सहयोग करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *