Rajasthan News: बनवारीलाल-पंकज विवाद में कूदे सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, जानिए किसने क्या कहा

Rajasthan News: बनवारीलाल-पंकज विवाद में कूदे सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, जानिए किसने क्या कहा

सीकर। शेखावाटी के चर्चित कॉमेडियन बन्नू उर्फ बनवारीलाल गोस्वामी और पंकू उर्फ पंकज सोनी के बीच चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है और लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। प्रॉपर्टी से जुड़े इस मामले ने अब सोशल मीडिया के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल मचा दी है। मंगलवार देर रात पुलिस के पंकू के घर पहुंचने के बाद विवाद और गहरा गया। पंकू ने आरोप लगाया कि पुलिस बिना किसी पूर्व सूचना के घर में घुसी, परिवार को धमकाया और घर में लगे कैमरे हटाने का दबाव बनाया।

बुधवार को पंकज सोनी एसपी कार्यालय पहुंचे और एसपी प्रवीण नायक नूनावत से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की। इस बीच सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो गया है।

इंफ्लुएंसर सुनील ने की न्याय की मांग

इस विवाद में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स भी खुलकर पक्ष ले रहे हैं। राजस्थान के इंफ्लुएंसर सुनील ने पंकू के समर्थन में कई पोस्ट और स्टोरी साझा करते हुए कहा कि पंकू के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने विस्तार से बताया कि उन्होंने दोनों कलाकारों को लंबे समय तक समर्थन दिया, लेकिन जब जरूरत पड़ी तो उन्हें ही गलत ठहराया गया।

सुनील ने कहा कि जब बनवारीलाल की सोशल मीडिया आईडी बैन हुई थी, तब सबसे ज्यादा समर्थन उन्होंने ही दिया था और कई रील्स बनाकर उनके पक्ष में माहौल तैयार किया था। इसके बावजूद उन पर ही आरोप लगाया गया कि आईडी बैन कराने के पीछे उनका हाथ है। उन्होंने कहा कि उन्होंने उस व्यक्ति का भी खुलासा किया था, जिसने वास्तव में आईडी बैन करवाई थी, फिर भी उनके खिलाफ गलतफहमियां फैलाई गईं। सुनील ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से वे आहत हैं, लेकिन अब वे खुलकर पंकू के साथ खड़े हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।

कॉमेडियन अंजी हुए भावुक

इधर, कॉमेडियन अंजी ने भी भावुक बयान देते हुए पंकू को अपना छोटा भाई बताया। उन्होंने कहा कि पंकू की पीड़ा देखकर मन व्यथित हो गया और उन्होंने उसे किसी भी तरह का गलत कदम उठाने से रोका। अंजी ने कहा कि जब एक कलाकार सोशल मीडिया पर आकर रोता है, तो यह उसके अंदर की गहरी पीड़ा को दर्शाता है।

उन्होंने राजस्थान की जनता से अपील की कि पंकू का समर्थन करें ताकि उसे मानसिक ताकत मिल सके। साथ ही प्रशासन से भी मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों पर उचित कार्रवाई हो। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच मामला लगातार गरमाता जा रहा है। पुलिस और प्रशासन स्तर पर जांच जारी है, जबकि सोशल मीडिया पर यह विवाद चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *