नमस्कार, कानपुर की कल (बुधवार) की बड़ी खबरें…सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर GRP ने 80 लाख का गांजा ले जाते 2 लोगों को अरेस्ट किया। दोनों आरोपी उड़ीसा से ट्रेन के जरिए मथुरा और अलीगढ़ के लिए ऑटो ढूंढ रहे थे। पुलिस ने दोनों के पास मिले 3 सूटकेस से 74 किलो गांजा बरामद किया। बकरीद की नमाज के लिए तैयारियां पूरी हुईं। ईदगाह और मस्जिद के अंदर ही नमाज पढ़ने की अपील की गई। बाजार में मुर्गा और चिकन बिरयानी खाने वाले कश्मीरी नस्ल का बकरा काफी चर्चा में है। ये बकरा रोजाना शैंपू और सीरम से नहाता है। ढाई लाख में बिक रहा भैंस से ज्यादा वजन वाला हैदराबादी नस्ल का बादशाह बकरा भी देखने के लिए भीड़ लगी। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें- 1- सपा नेता इरफान सोलंकी पर FIR, हंगामा: मारपीट और 3 लाख रंगदारी मांगने का आरोप, विधायक पत्नी का गनर सस्पेंड कानपुर में सीसामऊ सीट से सपा विधायक नसीम के पति इरफान सोलंकी पर बुधवार को मारपीट, गाली-गलौच का केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि इरफान अपने समर्थकों के साथ मंगलवार की रात चमनगंज के हलीम ग्राउंड में लगने वाली बकरा मंडी पहुंचे। बकरा बाजार कमेटी के पदाधिकारी वफा अब्बास से मारपीट की। वफा अब्बास ने आरोप लगाया कि इरफान ने उनसे 3 लाख की रंगदारी मांगी, मना करने पर उनके साथियों ने पीटा। वफा अब्बास के 2 लाख 70 हजार रुपए लूट लिए। अब वफा अब्बास की शिकायत पर इरफान सोलंकी पर नामजद और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ मारपीट, धमकी देने और जान-बूझकर अपमान करने की धाराओं में FIR लिखी है। वहीं, विधायक पत्नी नसीम सोलंकी के गनर अजीम अहमद की शिकायत पर वफा अब्बास, इमरान, फहद के अलावा उनके अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पढ़ें पूरी खबर… 2- भाजपा नेता पर युवती ने लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप: अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी; FIR कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रामजी तिवारी के खिलाफ युवती को ब्लैकमेल करने, पीछा करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। 20 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने प्रेम संबंध के दौरान उसकी निजी फोटो और वीडियो अपने पास रख लिए और बाद में उन्हीं के जरिए दबाव बनाने लगा। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी भाजपा नेता होने और बड़े नेताओं से संपर्क होने का डर दिखाकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। युवती का कहना है कि पहले भी दो बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी उस पर जबरन संबंध बनाए रखने का दबाव डाल रहा था। विरोध करने पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। युवती के अनुसार, 23 मई को वह मां के लिए दवा लेने मेडिकल स्टोर जा रही थी, तभी आरोपी ने रास्ता रोक लिया। शिकायत की बात कहने पर उसने स्कूटी से टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गई। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि युवती की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर… 3- अखिलेश यादव के खिलाफ लगे होर्डिंग्स: लिखा- बेटियों की चीखें, गुंडों का शोर… सपा राज में यही था दौर; पुलिस से शिकायत कानपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए आपत्तिजनक होर्डिंग्स को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। श्यामनगर और कृष्णानगर इलाके में लगे बड़े होर्डिंग्स को देखकर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर पोस्टर फाड़ दिए। सपा जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव ने बताया कि कृष्णानगर, श्यामनगर और चकेरी थाना क्षेत्र समेत शहर के कई इलाकों में भ्रामक और अभद्र होर्डिंग्स लगाए गए थे। इन पोस्टरों पर लिखा था- “महिला विरोधी सपाई, बोटियों की चीखें, गुंडों का शोर… सपा राज में यही था दौर।” सपा नेताओं ने इसे शहर का माहौल खराब करने की साजिश बताते हुए पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। मामले में सपा महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है। पढ़ें पूरी खबर… 4- कानपुर में 29 और 31 मई को आंधी-बारिश का अलर्ट, आज तेज लू परेशान करेगी शहर पर गर्मी का ऐसा कहर टूटा है कि लोग सुबह से ही पसीने-पसीने हो जा रहे हैं। सूरज के तेवर इतने तल्ख हैं कि सुबह आठ बजे से ही सड़कें तवे की तरह तपने लगीं। बीते कई दिनों से करीब 10 घंटे की सीधी धूप लोगों को झुलसा रही है। सुबह से ही तेज धूप है। दोपहर 12 बजे से लू भी चलने लगी है। मौसम विभाग ने 28 मई तक लू का अलर्ट जारी किया है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच तीखी धूप के कारण अत्यधिक गर्मी महसूस होगी। आसमान बिल्कुल साफ रहेगा। दिन में बादल छाने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 29 और 31 मई को आंधी के साथ बारिश के आसार हैं। पढ़ें पूरी खबर… 5- डबल मर्डर के बाद चौकी इंचार्ज सस्पेंड: विराट नगर चौकी से 200 मीटर दूरी पर हत्या हुई थी, गश्त में लापरवाही सामने आई नौबस्ता के विराट नगर चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर रविवार रात को हुए डबल मर्डर की जांच चौकी प्रभारी पर गिर गई। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर डीसीपी साउथ ने चौकी प्रभारी सुशील कसाना को सस्पेंड कर दिया है। पिता-पुत्र की हत्या के बाद घटनास्थल के आसपास फुटपाथ से लेकर सड़क तक नशेबाजों के जमावड़े को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हुए थे। इतना ही नहीं महज 200 मीटर दूर चौकी और फिर भी घटना की भनक तक पुलिस नहीं लगी। चकेरी थानाक्षेत्र के सजारी कांशीराम कालोनी फेस वन निवासी 57 वर्षीय शिवनारायण त्रिवेदी किदवई स्थित कनक मार्बल में नौकरी करते थे।उनके साथ ही उनके बेटे सत्यम और शिवम भी काम करते थे। 22 मई रविवार रात तीनों एक बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे तीनों बाइक से विराट नगर स्थित वृंदावन गेस्ट हाउस के पास पहुंचे थे, तभी शराब ठेके से निकले एक बाइक सवार आरोपी सिमरा गांव के करन वर्मा, शिवा वर्मा और यशोदा नगर निवासी उत्सव अवस्थी की उनकी बाइक से टक्कर हो गई थी। पढ़ें पूरी खबर… 6- कानपुर में 10 दिनों में 11 फैक्ट्रियों में मजदूरों का प्रदर्शन: हाइवे पर हंगामा, महिला वर्कर बोलीं- 300 रुपए की दिहाड़ी में 3 बच्चों को कैसे पढ़ाएं ‘हम लोगों को 300 रुपए दिन के हिसाब से पैसे मिलते हैं। यहां प्रतिदिन 12 घंटे काम करवाया जाता है। ओवर टाइम के नाम पर केवल 50 रुपए मिलते हैं। अब बताइए 3000 रुपए मकान के किराये के चले जाते हैं, मेरे 3 बच्चे हैं। उनको भी पढ़ाना रहता है। हम लोगों की सैलरी बढ़नी चाहिए।’ ये कहना कानपुर के मंधना में गोल्डी मसाले फैक्ट्री में काम करने वाली एक महिला वर्कर का। ये दर्द किसी एक का नहीं बल्कि इस फैक्ट्री में काम करने वाली करीब 500 महिला वर्करों का है। इसी पीड़ा के चलते महिला वर्करों ने कानपुर-दिल्ली हाइवे जाम किया। पिछले महीने नोएडा में हुई वर्कर्स की हिंसा अब यूपी के मुख्य औद्योगिक नगरी कानपुर तक पहुंच गई है। सभी वर्करों नें यहां भी कंपनियों के ऊपर सरकार की ओर से तय सैलरी न दिए जाने का आरोप लगाया। कानपुर देहात और कानपुर नगर की एरिया में पिछले 10 दिनों में कुल 11 फैक्ट्रियों में हंगामा किया गया। पढ़ें पूरी खबर… 7- 31 बीघा अवैध प्लाॅटिंग में तीन घंटे तक जेसीबी चली: आदर्श विहार सोसाइटी का ऑफिस गिराया, 71.5 बीघा में नोटिस जारी कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध प्लाटिंग और अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोन-4 क्षेत्र में करीब 31 बीघे में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाया। वहीं 71.5 बीघे में की जा रही चार अन्य प्लाटिंग को नोटिस जारी किया गया है। अवैध प्लाॅटिंग में कार्रवाई के दौरान आदर्श विहार सोसाएटी का ऑफिस भी गिरा दिया गया। विशेष कार्याधिकारी प्रवर्तन (जोन-4) और एसडीएम डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में सनिगवां स्थित आदर्श विहार सोसाइटी में अभियान चलाया गया। यहां अजब सिंह, सुरेंद्र कुशवाहा, हिमांशु समेत अन्य लोगों की ओर से बिना मानचित्र स्वीकृति के लगभग 31 बीघे में प्लाॅटिंग की जा रही थी। तीन घंटे चले अभियान में दो जेसीबी की मदद से अवैध रूप से बनाई गई सड़कें, नाले, बाउंड्रीवाॅल, बिजली के खंभे, पिलर, एंट्री गेट, सीवर लाइन व कई निर्माणाधीन भवनों को ध्वस्त कर दिया गया। पढ़ें पूरी खबर… 8- उड़ीसा से मथुरा 80 लाख का गांजा ले जाते 2 गिरफ्तार: कानपुर में ऑटो का इंतजार रहे थे, 3 सूटकेस से 74 किलो गांजा बरामद कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर GRP ने कार्रवाई करते हुए करीब 80 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद किया है। GRP पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 74 किलो गांजा बरामद किया। दोनों आरोपी उड़ीसा से ट्रेन के जरिए मथुरा और अलीगढ़ के लिए गांजा ले जाने कई फिराक में ऑटो को ढूंढ रहे थे। पुलिस सूत्रों का कहना है जबकि इसमें से कुछ सप्लाई कानपुर शहर में करनी थी। जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया यह कार्रवाई बुधवार सुबह करीब 3:45 बजे की गई है। रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया कैंट साइड गेट नंबर-2 के पास बने सार्वजनिक शौचालय के पीछे चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध हालत में मौजूद दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके बैगों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है। ये लोग रात मे गांजा सप्लाई करने वाले थे। इससे पहले मुखबिर की सूचना पर इनको गिरफ्तार किया गया है। पढ़ें पूरी खबर… 9- फाइल सीधे भेजना पड़ा महंगा, नगर निगम का लेखाकार सस्पेंड: चिकित्सा प्रतिपूर्ति की फाइल भेजने में बरती लापरवाही, जांच के आदेश
कानपुर नगर निगम के लेखा विभाग में तैनात लेखाकार अली रिजवी को गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही विचाराधीन है। निलंबन आदेश में अली रिजवी पर तीन आरोप लगाए गए हैं, जिसमें चिकित्सा प्रतिपूर्ति की पत्रावली को उचित माध्यम से प्रस्तुत न कर अनाधिकृत स्तर से कार्रवाई हेतु भेजने, कार्य के प्रति लापरवाही व अनुशासनहीनता बरतने और कार्यालय की गोपनीयता भंग करना है। मामले की जांच के लिए अपर नगर आयुक्त अमृता सिंह को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच पूरी होने तक संबंधित कर्मचारी जांच अधिकारी कार्यालय से संबद्ध रहेंगे। पढ़ें पूरी खबर… 10- कानपुर में मुर्गा खाने वाला बकरा: कश्मीरी नस्ल के बकरे चंद मिनट में चिकन बिरयानी चट कर जाते हैं, रोजाना शैंपू और सीरम से नहाते हैं कानपुर में कश्मीरी बकरा, जिसे दो साल से यहां पाला गया, इस बकरीद पर उसकी कुर्बानी होगी। ये कि बकरा चिकन बिरयानी खाता है। यानी कि ऐसा बकरा जो खुद मुर्गा खाता है। आमतौर पर बकरे नॉनवेज नहीं खाते हैं, लेकिन कश्मीरी बकरे चिकन बिरयानी मिनटों में चट कर जाते हैं। खाने में बादाम और काजू के अलावा कोल्ड ड्रिंक भी पीता है। रोजाना नहाने के लिए शैंपू, कंडिशनर और सीरम की जरूरत इन्हें पड़ती है। बांसमंडी इलाके में रहने वाले रईस आलम कपड़ा कारोबार से जुड़े हैं। उनके बेटे अरहम ने बताया कि बकरीद ऐसा त्यौहार है जो कुर्बानी के लिए जाना जाता है। मैं वीडियो में कश्मीरी बकरे देखता रहता था। मुझे वह अच्छे लगे। इसीलिए 2 साल पहले 2024 में कश्मीर से दो बकरे मंगाए। इनका नाम तुरगुत और बंमशी रखा। इनकी देख-रेख और खिलाई और रहन-सहन इनके हिसाब से शुरू की। पढ़ें पूरी खबर…


