यमुनानगर के जठलाना थाना क्षेत्र के तीन बहनों के इकलौते भाई गांव मोहड़ी निवासी 29 वर्षीय मुबारक अली खान का शव रविवार देर शाम कुरुक्षेत्र के हिनौरी पुल के पास पश्चिमी यमुना नहर से बरामद हुआ है। युवक पिछले चार दिनों से लापता था। शव मिलने से पहले उसकी बाइक नहर किनारे लावारिस हालत में मिली थी, जिसके बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई थी। मुबारक अली यमुनानगर की एक पॉली प्लास्टिक कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। परिजनों के अनुसार वह 21 मई की शाम घर से काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। कंपनी में संपर्क करने पर जानकारी मिली कि वह उस दिन ड्यूटी पर भी नहीं पहुंचा था। उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा था। परिजन कर रहे जांच की मांग, आज होगा पोस्टमार्टम मुबारक अली का शव पश्चिमी यमुना नहर से बरामद होने के बाद अब परिजन उसकी मौत की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। आज सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों को लेकर कुछ स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। वहीं परिवार का कहना है कि मुबारक की मौत सामान्य घटना नहीं लगती और पूरे मामले की गहन जांच होनी चाहिए। परिवार का कहना है कि 21 मई को घर से निकलते समय समय मुबारक पूरी तरह सामान्य और खुश था। उसके व्यवहार में किसी तरह की परेशानी, तनाव या मानसिक दबाव जैसी कोई बात नजर नहीं आई थी। परिवार के सदस्यों का कहना है कि मुबारक किसी प्रकार के स्ट्रेस में नहीं था और न ही उसने किसी परेशानी का जिक्र किया था। रविवार की सुबह नहर किनारे मिली थी बाइक ऐसे में अचानक उसका लापता होना और चार दिन बाद नहर में शव मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। परिजनों का कहना है कि आखिर उसके साथ क्या हुआ, वह नहर तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह सब जांच का विषय है। रविवार सुबह उसकी बाइक गांव के बाहर नहर किनारे लावारिस हालत में मिली थी। इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई थी। शाम को कुरुक्षेत्र जिले के हिनौरी पुल के पास पश्चिमी यमुना नहर से उसका शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप परिवार ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है। परिजनों की शिकायत पर जठलाना थाना पुलिस ने उसी दिन गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया था। हालांकि परिवार का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और चार दिनों तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया। परिजनों का कहना है कि पुलिस उसकी मोबाइल लोकेशन तक ट्रेस नहीं कर सकी। अब परिजनों की मांग है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाए और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सच्चाई सामने लाई जाए। परिजनों का कहना है कि जब तक मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चलता, तब तक कई सवाल उठते रहेंगे। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव मोहड़ी में मुबारक की मौत से शोक का माहौल है। तीन बहनों के इकलौते भाई की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।


