फतेहाबाद शहर में आज से पेयजल सप्लाई की नई टाइमिंग लागू कर दी गई है। पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट अब सुबह 4 बजे से पानी की सप्लाई शुरू करेगा। अलग-अलग इलाकों में नई टाइमिंग के अनुसार पानी छोड़ा जाएगा। अधिकारियों ने नागरिकों से निर्धारित समय के अनुसार पानी स्टोर करने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बता दें कि, पहले सुबह 3 बजे से पानी सप्लाई की टाइमिंग थी। इस कारण लोगों को पानी भरने के लिए अलसुबह उठना पड़ता था। टाइमिंग में बदलाव की मांग के चलते यह नया टाइम-टेबल जारी किया गया है। जानिए…क्या है नई टाइमिंग नई व्यवस्था के तहत भट्टू रोड क्षेत्र में सुबह 4 बजे से 5 बजे तक पानी सप्लाई दी जाएगी। इसके बाद शहर और प्रताप मार्केट क्षेत्र में सुबह 5 बजे से 6 बजे तक पानी उपलब्ध रहेगा। वहीं बीघड़ रोड, मॉडल टाउन ए ब्लॉक तथा अनाज मंडी क्षेत्र में सुबह 6 बजे से 7 बजे तक सप्लाई होगी।
इसके अलावा कबीर बस्ती, भाटिया कॉलोनी और मॉडल टाउन बी ब्लॉक क्षेत्र में सुबह 7 बजे से 8 बजे तक पानी की सप्लाई दी जाएगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सभी क्षेत्रों तक समय पर पानी पहुंचाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। नई टाइमिंग अनुसार ही स्टोर करें-नैन एक्सईएन बलविंद्र नैन ने कहा कि नई टाइमिंग के अनुसार ही लोग अपने पानी का स्टोरेज करें। लोगों की मांग के अनुसार ही व्यवस्था की गई है। गर्मी में पानी की लागत ज्यादा है। पानी की बर्बादी न करें और जरूरत अनुसार ही इस्तेमाल करें।


