मजदूरों का टिनप्लेट कंपनी गेट पर प्रदर्शन:बकाया भुगतान और नौकरी की मांग, डिमांड पूरी ना होने पर व्यापक आंदोलन करने की चेतावनी

जमशेदपुर में संयुक्त ट्रेड यूनियन के बैनर तले मजदूरों ने टिनप्लेट कंपनी गेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और एक ज्ञापन सौंपा। यह प्रदर्शन बकाया भुगतान और 16 श्रमिकों की नौकरी की मांग को लेकर किया गया। मजदूर नेता अंबुज ठाकुर ने बताया कि नर्सरी विभाग में कार्यरत श्रमिक मेसर्स ए.बी. कंस्ट्रक्शन के तहत अगस्त 2019 से 31 अक्टूबर 2025 तक काम कर रहे थे। 31 अक्टूबर 2025 को अचानक उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। श्रमिकों का आरोप है कि नियमानुसार उन्हें अंतिम भुगतान (फाइनल सेटलमेंट) मिलना चाहिए था, जो अब तक नहीं किया गया है। 16 मजदूरों को काम पर वापस नहीं रखा जा रहा श्रमिकों के अनुसार, सेवा समाप्ति के बाद एक अन्य ठेकेदार को छह माह के लिए नर्सरी कार्य का जिम्मा मिला, जिसके तहत वे दोबारा काम करते रहे। वर्तमान में ठेका फिर से ए.बी. कंस्ट्रक्शन को दिया गया है, लेकिन ठेका मिलने के बावजूद 16 मजदूरों को काम पर वापस नहीं रखा जा रहा है। उनके बकाया भुगतान भी लंबित हैं। प्रदर्शनकारी मजदूरों ने बताया कि वे वर्षों से टिनप्लेट कंपनी में कार्यरत रहे हैं। इस दौरान कई ठेकेदार बदले, लेकिन उन्हें लगातार काम मिलता रहा। अब अचानक काम से हटाए जाने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। मजदूर नेता अंबुज ठाकुर ने प्रबंधन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर मजदूरों को काम पर वापस नहीं लिया गया और उनके बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो संयुक्त ट्रेड यूनियन के बैनर तले एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *