जोधपुर में पानी की समस्या को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन:जलदाय विभाग के खिलाफ जताई नाराजगी; टैंकर से आपूर्ति का मिला आश्वासन

जोधपुर में पानी की समस्या को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन:जलदाय विभाग के खिलाफ जताई नाराजगी; टैंकर से आपूर्ति का मिला आश्वासन

जोधपुर शहर में भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है। शहर के बाहरी इलाकों के बाद अब भीतरी क्षेत्रों में भी जल संकट गहराने लगा है। गुरुवार को नागोरी गेट इलाके में महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया और सड़क पर बैठकर जलदाय विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन किला रोड गली नंबर 8 में हुआ, जहां स्थानीय महिलाओं ने बताया कि पिछले करीब दो महीनों से क्षेत्र में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद समाधान नहीं हुआ और केवल आश्वासन ही मिले। परेशान होकर महिलाओं को आखिरकार सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। गर्मी में पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा महिलाओं का कहना है कि भीषण गर्मी में पानी के लिए रोजाना संघर्ष करना पड़ रहा है। कई घरों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही, जिससे घरेलू कामकाज और पीने के पानी की समस्या गंभीर हो गई है। टैंकर के जरिए पानी उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन मौके पर पहुंचे जलदाय विभाग के जेईएन पंकज सैनी ने बताया कि इलाके के टेल एंड मकानों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। विभाग की ओर से जलापूर्ति सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिन घरों में पानी नहीं पहुंच रहा, वहां टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से शहर के अलग-अलग इलाकों में पानी की समस्या को लेकर लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। इससे पहले चांदणा भाखर, चांदपोल और डिगाड़ी क्षेत्रों में भी लोगों ने जल संकट को लेकर विरोध जताया था। अब नागोरी गेट क्षेत्र में प्रदर्शन किया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *