कोटा में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद महिला को कोटा बुलाकर दुष्कर्म और हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग को निरुद्ध कर लिया है, जबकि महिला के दोस्त मुकुल उर्फ धर्मेश को गिरफ्तार किया गया है। तीसरा आरोपी विनोद फरार है, जिसकी तलाश जारी है। डीएसपी डॉ. पूनम चौहान ने बताया कि बूंदी निवासी 34 वर्षीय महिला की करीब डेढ़ महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए कोटा निवासी मुकुल उर्फ धर्मेश (30) से दोस्ती हुई थी। दोनों पहले भी मिल चुके थे। 28 अप्रैल को दोनों की मुलाकात तय हुई थी। मुकुल ने महिला से कहा कि उसके पास जगह नहीं है, इसलिए वह उसके दोस्त के कमरे पर आ जाए। पुलिस के अनुसार मुकुल ने अपने दोस्त विनोद (22) को महिला को लेने नयापुरा बस स्टैंड भेजा। महिला बूंदी से बस में कोटा पहुंची, जहां विनोद और एक नाबालिग युवक उसे लेकर कुन्हाड़ी इलाके में किराए के कमरे पर पहुंचे। जिसके बाद कमरे पर तीनों ने शराब पी।इसके बाद विनोद और नाबालिग ने महिला के साथ जबरदस्ती की। महिला ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान नाबालिग युवक ने शराब की बोतल से महिला की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई और खून बहने लगा। बाद में दोनों आरोपी महिला को नयापुरा बस स्टैंड छोड़ने के लिए निकले। रास्ते में चंबल पुलिया के पास दोबारा विवाद हुआ। महिला के शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पर नयापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। घायल महिला को तुरंत एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया। डीएसपी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के बाद साढ़े 16 वर्षीय नाबालिग को निरुद्ध कर लिया गया है। उसका मोबाइल भी जब्त किया गया है। महिला के दोस्त मुकुल उर्फ धर्मेश को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं तीसरे आरोपी विनोद की तलाश में पुलिस टीम रवाना की गई है। मामले की जांच जारी है।


