हरियाणा के पानीपत में करंट लगने से बेहोश हुई महिला को परिजनों ने मिट्टी के गड्ढे में दबा दिया। अंधविश्वास के चक्कर में महिला 20 मिनट तक मिट्टी में दबी रही, कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने एक निर्माणाधीन नाले के लिए खोदे गए गड्ढे में ही गर्दन से नीचे महिला का पूरा शरीर दबा दिया, मिट्टी से ऊपर केवल चेहरा नजर आ रहा था। इलाज करने का दावा कर उसके मुंह में एक कपड़ा भी ठूस दिया। काफी देर तक उसके हाथ रगड़े गए। जब महिला होश में नहीं आई तो गड्ढे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। सिटी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… काम करते समय लगा करंट पानीपत के संजय चौके निवासी एक महिला शनिवार को घर में काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसे बिजली का करंट लग गया। करंट का झटका इतना जोरदार था कि महिला तुरंत बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। महिला को बेसुध देख घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी घर में इकट्ठा हो गए। मिट्टी में दबाने की सलाह दी महिला की गंभीर हालत को देखकर परिजन अस्पताल जाने की तैयारी करने लगे, तभी किसी ने उन्हें महिला को मिट्टी में दबाने की सलाह दी। व्यक्ति कहने लगा कि महिला को जमीन पर लेटाकर हाथ- पैर रगड़े जाए। मिट्टी शरीर का सारा करंट सोख लेगी और महिला होश में आ जाएगी। निर्माणाधीन नाला खोदकर दबाया व्यक्ति की बात सुनकर परिवार के लोग महिला को संजय चौक के पास एक निर्माणाधीन नाले के पास ले गए। नाला निर्माण के लिए जेसीबी से गहरे गड्ढे खोदे गए थे। परिवार ने इसी गड्डे में महिला को दबाकर ऊपर से मिट्टी डाल दी। गर्दन से नीचे शरीर मिट्टी में दबा परिजनों ने अंधविश्वास में महिला का पूरा शरीर मिट्टी के अंदर दिया। उसके हाथ और गर्दन को बाहर निकाला गया। काफी देर तक परिजन हाथों को रगड़ते रहे। करीब 20 मिनट तक ये प्रक्रिया चलती रही। जब महिला को होश नहीं आया तो परिजन उसे अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी मौके पर भीड़ बढ़ती देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर बाद डॉयल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला को गड्ढे से बाहर निकलवाया और परिजनों को अस्पताल जाने के लिए कहा। परिजन महिला को संजय चौक स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने महिला पल्स और हॉर्टबीट चेक कर उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि यदि महिला को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही महिला की मौत का असली कारण पता चल सकेगा। करंट लगने या मिट्टी में दबने से दम घुटने से उसकी मौत हुई होगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी सिटी थाना प्रभारी देवेंद्र का कहना है कि महिला के मिट्टी में दबे होने की सूचना मिली थी। जब तक थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक परिजन मौके से महिला को ले जा चुके थे। अभी मामले की जांच की जा रही है। डॉक्टरों से संपर्क किया गया है।


