करनाल बिजली निगम में तैनात महिला क्लर्क की हत्या के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मृतका के बेटे और बेटी पहली बार कैमरे के सामने आए और उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। बच्चों का कहना है कि असली शूटर अभी भी फरार है और उन्हें अपनी जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने विदेश में बैठे आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और केस में नियमित अपडेट देने की मांग की है। बच्चों ने जताया डर, बोले- घर से बाहर निकलने से भी डर लग रहा
मृतका के बेटे देवांश और बेटी गुनगुन ने कहा कि उन्हें अभी भी लग रहा है कि असली शूटर पकड़ा नहीं गया है। उनका कहना है कि जिस व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ा है, उसे लेकर उन्हें संदेह है। उन्होंने कहा कि कहीं दबाव में आकर पुलिस ने गलत व्यक्ति को तो गिरफ्तार नहीं कर लिया। दोनों बच्चों ने बताया कि वे घर से बाहर भी नहीं निकल रहे हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि शूटर अभी भी बाहर है और उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की थी। विदेश में बैठे आरोपी पर भी उठाए सवाल
बच्चों ने कहा कि जिस व्यक्ति के कहने पर यह सब हुआ है, वह ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में रहता है। उन्होंने उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल भी देखी है। उनके मुताबिक आरोपी ने कुछ दिन पहले ही अपना जन्मदिन भी मनाया था। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि विदेश में बैठे आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर भारत लाया जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके। पुलिस से मिलने की कोशिश, पर नहीं मिली जानकारी
देवांश और गुनगुन ने बताया कि वे सेक्टर-9 चौकी पुलिस से भी मिले थे। वहां पुलिस ने कहा कि विदेश में बैठे आरोपी को पकड़ने के लिए प्रक्रिया चल रही है और उसी के अनुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अभी तक पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के बारे में उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है और न ही उन्हें आरोपी से मिलवाया गया है। सीसीटीवी फुटेज पर भी जताया संदेह
बच्चों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज सभी ने देखी है, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि पुलिस द्वारा पकड़ा गया व्यक्ति ही असली शूटर है। उन्होंने कहा कि वे खुद आरोपी से मिलना चाहते हैं ताकि सच्चाई सामने आ सके। पुलिस का पक्ष: 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
वहीं मामले की जांच कर रही सीआईए-1 टीम के इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने एसपी नरेंद्र बिजराणिया के नेतृत्व में 48 घंटे के भीतर आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने बताया कि फिलहाल आरोपी अस्पताल में भर्ती है और 25 मई को डिस्चार्ज हो सकता है। इसके बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई नियमों के तहत की जा रही है। यदि परिवार आरोपी से मिलना चाहता है तो उन्हें मिलवाया जा सकता है। कैसे हुई थी डिंपल अरोड़ा की हत्या
डिंपल अरोड़ा सेक्टर-9 में अपने परिवार के साथ रहती थीं। उनके पति विमल अरोड़ा हैं। परिवार में दो बेटियां दीया और गुनगुन और एक बेटा देवांश है। दीया कनाडा में रहती है। 15 मई की दोपहर डिंपल अरोड़ा रोज की तरह अपने ऑफिस से खाना खाने घर आई थीं। वह घर के बाहर अपनी स्कूटी लॉक कर रही थीं। इसी दौरान हेलमेट पहने एक युवक बाइक पर आया और उनके सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद परिजनों ने बताया था कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पार्किंग विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला
सूत्रों के अनुसार यह मामला पार्किंग विवाद से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। 17 मई की रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी विकास उर्फ संजू को गिरफ्तार किया। वह कुरुक्षेत्र के लाडवा के सलेमपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी हत्या के मामले में 20 साल की सजा काट चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद वह फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी हाल ही में थाईलैंड से लौटा था और उसी के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। परिवार की मांग- हमें मिले न्याय और सुरक्षा
मृतका के बच्चों ने हरियाणा सरकार और पुलिस प्रशासन से अपील की है कि उन्हें केस से जुड़ी हर जानकारी समय-समय पर दी जाए। साथ ही उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और विदेश में बैठे आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए।


