मेरठ में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जहां एक महिला की उसके ही घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के वक्त महिला के तीनों बच्चे घर के अंदर मौजूद थे। जबकि उसका पति घर पर नहीं था। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
यह सनसनीखेज घटना मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मजीद नगर इलाके की है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे महिला कौसर का शव उसके घर के एक कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन काटकर हत्या कर दी। उस समय महिला के तीनों बच्चे घर के अंदर ही मौजूद थे। जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के दौरान महिला का पति साकिब घर पर नहीं था। पड़ोसियों के अनुसार, साकिब दिन में मोबाइल टॉवर लगाने का काम करता है। रात में मंडी में रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च चलाता है। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस आसपास के लोगों से कर रही पूछताछ
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।


