अशोकनगर में महिला ने लगाई फांसी:मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई; रात 3 बजे बेटी ने पिता को किया था फोन

अशोकनगर में महिला ने लगाई फांसी:मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई; रात 3 बजे बेटी ने पिता को किया था फोन

अशोकनगर के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकर कॉलोनी में 25 वर्षीय विवाहिता नेहा लोधी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह पति ने फंदे से उतारकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतिका मूल रूप से खिरिया सहराई गांव की रहने वाली थी। मायके पक्ष ने इस मामले में हत्या या प्रताड़ना के चलते आत्महत्या की आशंका जताते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक, मृतिका के पति रंजीत लोधी ने सोमवार सुबह नेहा को कमरे में पंखे से लटके हुए देखा। उसने दुपट्टे से फंदा बनाया था। रंजीत ने तुरंत फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बता दें कि रंजीत शहर में ही एक दुकान पर काम करता है। रात 3 बजे आया था पिता के पास आखिरी फोन
अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद नेहा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी अक्सर दिन में फोन करती थी। लेकिन रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे उसका फोन आया था। नेहा अपनी मां से बात करना चाहती थी, लेकिन पिता उस समय खेत पर थे। उन्होंने सुबह बात करने को कहा, जिसके बाद उसका दोबारा फोन नहीं आया। ससुराल वालों ने पहले कहा- ‘हार्ट अटैक आया है’
पिता के अनुसार, सुबह ससुराल वालों ने उन्हें फोन कर बताया कि नेहा को हार्ट अटैक आया है। लेकिन जब वे लोग अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि उसने फांसी लगाई है। पिता ने आरोप लगाया है कि ससुराल वाले नेहा को लगातार परेशान करते थे और उसके साथ मारपीट करते थे। उन्होंने आशंका जताई है कि या तो ससुराल वालों ने ही उनकी बेटी की हत्या कर उसे फंदे पर लटकाया है, या फिर उनकी प्रताड़ना से तंग आकर ही उसने यह खौफनाक कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *