फर्रुखाबाद में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत:परिजनों ने नर्सिंग होम पर लापरवाही का आरोप लगाया

फर्रुखाबाद में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत:परिजनों ने नर्सिंग होम पर लापरवाही का आरोप लगाया

फर्रुखाबाद जनपद के कादरी गेट थाना क्षेत्र स्थित एक नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कम्पिल थाना क्षेत्र के गांव रसीदपुर निवासी अनुज कुमार की 25 वर्षीय पत्नी रेनू को रविवार को प्रसव पीड़ा हुई थी। परिजन उन्हें शहर के मसैनी स्थित एक नर्सिंग होम लेकर आए थे। परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन के लिए पहले ही 30 हजार रुपये जमा करा लिए गए थे। देर रात ऑपरेशन किया गया। इस दौरान बताया गया कि महिला में खून की कमी है, जिस पर परिजन ब्लड बैंक खून लेने चले गए। परिजनों का आरोप है कि उनकी अनुपस्थिति में ही नर्सिंग होम में ऑपरेशन कर दिया गया, जिसके बाद रेनू की हालत बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल नर्सिंग होम से बाहर निकाल दिया गया और दूसरे अस्पताल ले जाने को कहा गया। परिजन जब रेनू को शहर के दूसरे नर्सिंग होम ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। बाद में परिजन एंबुलेंस से शव लेकर वापस उसी नर्सिंग होम पहुंचे, जहां उन्होंने लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्टाफ से कहासुनी की। सूचना मिलने पर रात करीब 1:30 बजे पुलिस भी मौके पर पहुंची। मृतका का शव फिलहाल नर्सिंग होम के बाहर एंबुलेंस में ही रखा हुआ है। मृतका रेनू की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। उनके पति गैस एजेंसी में हॉकर का काम करते हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *