शहडोल जिले में शुक्रवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को प्रभावित किया। अमलाई थाना क्षेत्र में तेज हवा और बारिश के कारण हुए हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। कई गांवों में घरों के छप्पर उड़ने से लोगों को नुकसान हुआ। जानकारी के अनुसार, अमलाई थाना क्षेत्र के गिरवा गांव में शुक्रवार को साप्ताहिक हाट बाजार लगा था। देर शाम अचानक तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बाजार के पास खड़ा एक बड़ा महुआ का पेड़ तेज हवा के कारण गिर गया। पेड़ की चपेट में सब्जी दुकान लगाकर बैठी सोहागी महरा आ गईं, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद हाट बाजार में अफरा-तफरी मच गई। तेज बारिश और आंधी के कारण लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। मौसम शांत होने पर स्थानीय लोग पेड़ के नीचे दबी महिला को निकालने पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। इनके घर के छप्पर उड़े इस आंधी-तूफान से केशवाही-जैतपुर होकर छत्तीसगढ़ जाने वाला मार्ग भी लगभग 2 घंटे तक बाधित रहा। गिरवा के पास स्थित मलाया गांव में भी तेज हवा के कारण राजभान कुशवाहा, सुरेश कुशवाहा सहित आधा दर्जन से अधिक परिवारों के घरों के छप्पर उड़ गए। छप्पर उड़ने से घरों में पानी भर गया और घरेलू सामान खराब हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि तूफान से हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। मामले की जांच शुरू अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि पेड़ गिरने से महिला की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है। आंधी तूफान की अन्य तस्वीरें…


