मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार शाम सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। महिला अपने बेटे के साथ बाइक से नोएडा से वृंदावन जा रही थीं। रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने पर वह चलती बाइक से नीचे गिर पड़ीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक हादसा यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन-74 पर गांव हसनपुर के पास हुआ। गौतमबुद्धनगर जिले के थाना जारचा क्षेत्र स्थित गांव बिसारा निवासी 46 साल की शशि देवी अपने बेटे अजय कुमार के साथ बाइक से वृंदावन जा रही थीं। अचानक आया चक्कर, बाइक से नीचे गिरीं बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान बाइक पर पीछे बैठी शशि देवी को अचानक चक्कर आ गए। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती बाइक से सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही नौहझील थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। हालांकि उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने नहीं कराई कानूनी कार्रवाई हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। थाना प्रभारी जगदंबा सिंह ने बताया कि परिजन किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते थे। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण हुए हादसे का प्रतीत हो रहा है।


