सिंगरौली के माड़ा रेंज जंगलों में भीषण आग:वन संपदा, वन्यजीवों पर संकट; गर्मी से लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाएं

सिंगरौली के माड़ा रेंज जंगलों में भीषण आग:वन संपदा, वन्यजीवों पर संकट; गर्मी से लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाएं

सिंगरौली जिले के माड़ा रेंज अंतर्गत गीर जंगल क्षेत्र में गुरुवार को भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें और धुआं उठते देख राहगीरों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं से वन संपदा और वन्यजीवों पर गंभीर संकट गहरा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि पर्याप्त निगरानी और गश्त के अभाव में समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जा पाता। ग्रामीणों ने वन विभाग से नियमित गश्त बढ़ाने और आग लगाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूखी झाड़ियां और वन क्षेत्र में फैली आग सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने से जंगल के बड़े हिस्से में सूखी झाड़ियां और वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। धुएं और आग के कारण वन्यजीवों को भी सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। इस मामले पर दैनिक भास्कर डिजिटल ने उपवन मंडल अधिकारी एन.के. त्रिपाठी से बात की। उन्होंने बताया कि माड़ा रेंज के अलावा जिले के कई अन्य वन क्षेत्रों से भी आग लगने की सूचनाएं मिली हैं। विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं और नुकसान को कम करने के लिए आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया जा रहा है। त्रिपाठी ने लोगों से अपील की है कि वे जंगलों में आग जैसी घटनाओं की सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *