इटावा जिले के भरथना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। भरथना रेलवे स्टेशन के समीप ग्राम घमुरियां के पास से गुजर रही डीएफसीसी रेलवे लाइन पर रात करीब डेढ़ बजे एक अज्ञात महिला ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला के साथ मौजूद उसका लगभग दो वर्षीय बच्चा भी हादसे का शिकार हो गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला के शव को शव गृह में रखवा दिया गया है। मासूम का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस महिला और बच्चे की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। हादसा भरथना-पाली खुर्द रोड स्थित डीएफसी रेलवे अंडरब्रिज के पास हुआ। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया था या फिर किसी कारणवश ट्रेन की चपेट में आ गई। घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार महिला के साथ एक छोटा बच्चा भी मौजूद था, जो ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। महिला की पहचान कराने के लिए पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। भरथना थाना पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस महिला को पहचानता हो या उसके बारे में कोई जानकारी रखता हो तो तत्काल भरथना थाना पुलिस से संपर्क करे।


