नासिक के चर्चित यौन शोषण और जमीन घोटाला मामले में आरोपी स्वयंभू बाबा अशोक खरात की पत्नी कल्पना खरात की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। राहता कोर्ट ने कल्पना खरात की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है, जिसके बाद अब पुलिस के लिए कल्पना की गिरफ्तारी और तलाश और तेज हो गई है। सुनवाई के दौरान कल्पना खरात के वकील ने दावा किया कि वह किसी भी मामले में शामिल नहीं थीं। कल्पना खरात के नाम पर किये गए लेनदेन उनके पति अशोक खरात ने किये थे।
कोर्ट में सवा घंटे चली बहस
अहिल्यानगर के राहता स्थित न्यायालय में इस मामले पर करीब सवा घंटे तक सुनवाई चली। आरोपी की ओर से वकील प्रशांत गिरी ने दलील दी कि कल्पना खरात का किसी भी मामले में सीधा संबंध नहीं है और उसके बैंक खातों का संचालन उसके पति अशोक खरात करते थे।
हालांकि, सरकारी वकील और जांच अधिकारी ने इन दलीलों को खारिज करते हुए ठोस सबूत पेश किए। कोर्ट ने दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
31 मार्च से फरार है कल्पना, पुलिस की कई टीमें कर रही तलाश
कल्पना खरात पिछले 31 मार्च से फरार है और शिर्डी पुलिस उनकी लगातार तलाश कर रही है। एसआईटी टीम ने नासिक में उनकी करीबी महिला मित्रों से पूछताछ की है। साथ ही, उसके घर में काम करने वाले मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कल्पना किन लोगों के संपर्क में थी और वह कहां छिप सकती है।
जमीन घोटाले में बड़ी भूमिका, परिवार के खातों से लेनदेन
जांच में सामने आया है कि खरात दंपति ने शिर्डी में एक किसान की जमीन खरीद में बड़ी धोखाधड़ी की है। इस मामले में पैसों का लेनदेन कल्पना खरात के भाइयों के खातों के जरिए हुआ था।
इसी सिलसिले में एसआईटी ने अशोक खरात के बेटे हर्षवर्धन और कल्पना के दो भाइयों से भी पूछताछ की थी। पुलिस का मानना है कि इस पूरे मामले में कल्पना की सक्रिय भूमिका रही है।
‘लुकआउट नोटिस’ जारी
पुलिस ने आशंका जताई है कि कल्पना खरात देश छोड़कर भाग सकती है। इसी को देखते हुए उसके खिलाफ ‘लुकआउट नोटिस’ जारी कर दी गई है, ताकि वह विदेश न जा सके।
शिर्डी में 4 एकड़ जमीन हड़पने का आरोप
यह मामला शिर्डी में रहने वाले किसान रावसाहेब गोंदकर की शिकायत पर दर्ज हुआ है। आरोप है कि खरात और उसकी पत्नी ने जालसाजी कर किसान की 4 एकड़ जमीन हड़प ली। इस मामले में पुलिस ने दो अन्य सहयोगियों, अरविंद बावके और किरण सोनवणे को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। जबकि कल्पना खरात फरार है।
कौन है कल्पना खरात?
कल्पना खरात का असली नाम सुनीता शिंदे है और वह नासिक जिले के सिन्नर तालुका के पाडली गांव की रहने वाली है। साल 1993 में कल्पना की शादी अशोक खरात से हुई। उसके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अशोक खरात के कथित काले कारोबार में कल्पना की भी अहम हिस्सेदारी थी। ऐसे में अब पुलिस के सामने उसे जल्द गिरफ्तार करने की बड़ी चुनौती है।
बता दें कि पाखंडी बाबा अशोक खरात को 18 मार्च को तब गिरफ्तार किया गया था, जब 35 वर्षीय एक महिला ने नासिक के सरकारवाड़ा थाने में उसके खिलाफ कई वर्षों तक दुष्कर्म करने की शिकायत दर्ज कराई। खरात पर कम से कम आठ महिलाओं के यौन शोषण का आरोप है। उस पर काला जादू और नरबलि जैसे संगीन आरोप लगे हैं।


