TATA ग्रुप के शेयर Trent की कीमत 1 ही दिन में 34% क्यों आई नीचे, जानिए बोनस इश्यू से कैसे पड़ा फर्क

TATA ग्रुप के शेयर Trent की कीमत 1 ही दिन में 34% क्यों आई नीचे, जानिए बोनस इश्यू से कैसे पड़ा फर्क

Why Trent Share Fall Today: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई पर ट्रेंट लिमिटेड का शेयर बुधवार को 4,257.60 रुपये पर बंद हुआ था। यह आज 2830 रुपये पर खुला है। यानी एक ही दिन में शेयर 34 फीसदी कम कीमत पर खुला। Zudio और Westside जैसे लोकप्रिय रिटेल ब्रांड चलाने वाली इस कंपनी के शेयर में आई यह कमी देखकर कई निवेशक घबरा गए। पहली नजर में लगता है कि शेयर में भारी गिरावट आ गई है, लेकिन असलियत कुछ और है। यह बदलाव कंपनी के पहले बोनस इश्यू की वजह से हुआ है, न कि कारोबार में किसी कमजोरी के कारण।

निवेशकों की पूंजी पर नहीं पड़ा असर

शेयर की कीमत में यह अंतर बोनस शेयर एडजस्टमेंट के कारण आया है। यानी शेयरधारकों की कुल संपत्ति पर इसका कोई निगेटिव असर नहीं पड़ा। हालांकि, बोनस एडजस्टमेंट के बाद भी शुरुआती कारोबार में शेयर करीब 2 फीसदी फिसलकर 2,785 रुपये के आसपास कारोबार करता दिखा। बोनस इश्यू में कंपनी के शेयरों की संख्या बढ़ जाती है, जबकि कंपनी की कुल मार्केट वैल्यू में कोई बदलाव नहीं होता है।

क्या है Trent का बोनस इश्यू?

अप्रैल में कंपनी ने चौथी तिमाही के नतीजों के साथ 1:2 बोनस इश्यू का ऐलान किया था। इसके तहत कंपनी ने कहा था कि रिकॉर्ड डेट तक जिन निवेशकों के पास कंपनी के शेयर हैं, उन्हें हर दो शेयर पर एक शेयर फ्री मिलेगा। कंपनी ने इस योजना के तहत 1 रुपये फेस वैल्यू वाले करीब 17.77 करोड़ नए शेयर जारी करने का फैसला किया था। शुरुआत में रिकॉर्ड डेट 29 मई तय की गई थी, लेकिन बाद में इसे बदलकर 4 जून कर दिया गया।

कंपनी के इतिहास का पहला बोनस इश्यू

टाटा ग्रुप की इस कंपनी ने अब तक कभी बोनस शेयर जारी नहीं किए थे। यही वजह है कि यह इश्यू निवेशकों के बीच खास चर्चा में रहा। पिछले साल कंपनी ने प्रति शेयर 5 रुपये का डिविडेंड दिया था। इससे पहले मई 2024 में 3.20 रुपये और मई 2023 में 2.20 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दिया गया था। वहीं, वर्ष 2016 में कंपनी ने 10:1 के अनुपात में स्टॉक स्प्लिट भी किया था।

क्या है मार्केट का हाल

भारतीय शेयर बाजार में आज गुरुवार को गिरावट देखी जा रही है। दोपहर 1 बजे बीएसई सेंसेक्स 0.38 फीसदी या 279 अंक की गिरावट के साथ 74,066 पर ट्रेड करता दिखाई दिया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी इस समय 0.25 फीसदी या 58 अंक की गिरावट के साथ 23,349 पर ट्रेड करता दिखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *