Jamui gender change marriage: जमुई में जेंडर चेंज करवाकर शादी करने वाले राहुल और नैंसी ने उठ रहे सवालों पर अब अपनी चुप्पी तोड़ी है। नैंसी ने कहा कि जब उन्होंने प्यार किया था, तब उन्हें राहुल के लड़की होने की जानकारी नहीं थी। वहीं राहुल ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने दिल्ली एम्स में अपनी मेहनत की कमाई से जेंडर चेंज सर्जरी करवाई है, इसमें किसी का कोई एहसान नहीं है।
Jamui gender change marriage: बिहार के जमुई जिले में राहुल (पहले राखी) और BPSC टीचर नैंसी कुमारी की लव स्टोरी और शादी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। राहुल के जेंडर ट्रांजिशन (लिंग परिवर्तन) के बाद हुई इस अनोखी शादी को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं और इस जोड़े को लगातार ट्रोल किया जा रहा है। अब राहुल और नैंसी ने इस पूरे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
नहीं पता था वो लड़की है – नैंसी
सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नैंसी ने कहा, ‘जब मैंने उनसे प्यार किया था, तब मुझे नहीं पता था कि वो एक लड़की है। उनका रहन-सहन और पहनावा सब लड़कों की तरह ही था। जब सच सामने आया तो हमने अलग होने की बहुत कोशिश की, लेकिन हालात ऐसे बनते गए कि हम अलग नहीं हो पाए।’
बहनें नहीं हैं नैंसी और राहुल
यह दावा किया जा रहा था कि राहुल और नैंसी आपस में फुफेरी-ममेरी बहनें हैं। इस दावे पर नैंसी ने कड़ा ऐतराज जताया है और इसे पूरी तरह से खारिज कर दिया है। नैंसी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘मुझे ज्ञान देने वाले पहले खुद को और अपने परिवार को देख लें, फिर मेरे ऊपर सवाल उठाएं। मीडिया सिर्फ टीआरपी (TRP) के लिए कुछ भी दिखा रहा है। यह पहला स्टेटमेंट कि वो और मैं बहन हैं, बिल्कुल गलत है। मेरे परिवार और उनके परिवार में कभी भी कोई रिश्ता नहीं था।’
उन्होंने आगे सफाई देते हुए कहा, ‘मेरी फुआ का निधन 10 साल पहले ही हो चुका है। उनकी शादी हरला गांव में हुई थी। इसका मतलब यह कतई नहीं है कि पूरे हरला गांव की औरतें मेरी फुआ हो गईं और वहां के सब लोग मेरे फुफेरे भाई-बहन हो गए। मैं तो अभी तक अपने ससुर को देखी भी नहीं हूं, न ही इनकी मम्मी को जानती थी और न कभी इनके घर गई थी। मीडिया क्लिप काट-काटकर मुझे झूठा ट्रोल कर रहा है।’
क्या शादी सिर्फ शारीरिक संबंध के लिए होती है?
नैंसी ने कहा कि उन्होंने राहुल से शादी अपनी मर्जी से की है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ‘मेरे लिए शादी का मतलब एक-दूसरे का साथ देना, हर सुख-दुख को साथ जीना और पूरी जिंदगी एक-दूसरे को समर्पित कर देना है, न कि सिर्फ शरीर का संबंध होना। क्या लड़का और लड़की शादी सिर्फ शारीरिक संबंध बनाने के लिए करते हैं या अपनी जिंदगी को आगे बढ़ाने और एक-दूसरे का सहारा बनने के लिए करते हैं?’
नैंसी ने आगे कहा, ‘प्रेम में कभी फायदा और नुकसान नहीं देखा जाता। हम बिना जेंडर चेंज कराए भी साथ रह सकते थे, हमारा कानून हमें यह हक देता है कि हम किसी को भी अपना जीवनसाथी चुन सकते हैं। लेकिन हमने समाज के रीति-रिवाजों और लोक-लाज के बारे में सोचा। राहुल ने अपनी जान खतरे में डालकर, लाखों रुपए खर्च कर मेरे साथ रहने के लिए इतना बड़ा कदम उठाया, इसलिए मैंने उनसे शादी कर ली। अगर इससे किसी को दिक्कत है, तो मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि इस समाज में कोई भी दूध का धुला नहीं है।’
अपनी मेहनत की कमाई से कराया जेंडर चेंज – राहुल
इस मामले में दूसरी तरफ राहुल (पूर्व में राखी) ने भी अपनी बात रखी है। राहुल ने कहा, ‘मुझे बचपन से ही लड़कों की तरह रहना पसंद था। मैंने अपनी इच्छा और अपनी समझ से अपना जेंडर चेंज कराया है। यह मेरी जिंदगी का पूरी तरह से निजी फैसला है। इसमें किसी भी व्यक्ति को मुझे बदनाम करने या मेरी पर्सनल लाइफ में दखल देने का कोई अधिकार नहीं है।”
सर्जरी पर हुए खर्च को लेकर उठ रहे सवालों पर राहुल ने कहा, ‘जेंडर चेंज करवाने में जो भी खर्च आया, उन पैसों को मैंने खुद मेहनत करके कमाया था। मैंने कई छोटे-बड़े काम किए, तब जाकर ये पैसे जमा हो पाए थे। इन पैसों को न तो मेरी पत्नी नैंसी ने कोई लोन लेकर दिया है और न ही मेरे परिवारवालों ने। यह मेरी अपनी मेहनत की बदौलत संभव हो पाया।’
मैट्रिक से शुरू हुआ था साथ, अब बीपीएससी पास कर शिक्षिका हैं नैंसी
नैंसी और राहुल दोनों सामान्य परिवारों से आते हैं और बचपन से एक-दूसरे के परिचित रहे हैं। नैंसी के पिता पटना में सचिवालय में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी हैं, जबकि राहुल के पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं। साल 2019 में दोनों ने एक साथ मैट्रिक की परीक्षा पास की थी। इसके बाद 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के दौरान दोनों ने एक ही कोचिंग संस्थान में दाखिला लिया, जहां से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
साल 2023 में दोनों बीपीएससी (BPSC) की तैयारी के लिए पटना चले गए। दोनों परिवारों के बीच अच्छे संबंध होने के कारण परिजनों ने उन्हें साथ रहने की अनुमति दी थी। साल 2025 में नैंसी ने अपनी कड़ी मेहनत की बदौलत बीपीएससी (TRE-3) शिक्षक भर्ती परीक्षा पास की। परीक्षा पास करने के बाद नैंसी की नियुक्ति शिक्षिका के रूप में हुई और वर्तमान में वह लक्ष्मीपुर के प्राइमरी स्कूल मेदनीपुर में पोस्टेड हैं। वहीं राहुल ने शादी से करीब 6 महीने पहले दिल्ली एम्स में अपना जेंडर चेंज कराया और 31 मई को दोनों ने शादी रचा ली।


