‘विराट भैया ने जो सिखाया, वही उनके खिलाफ इस्तेमाल कर दिया’ प्रिंस यादव ने कोहली को 0 पर बोल्ड कर दुनिया को चौंकाया

‘विराट भैया ने जो सिखाया, वही उनके खिलाफ इस्तेमाल कर दिया’ प्रिंस यादव ने कोहली को 0 पर बोल्ड कर दुनिया को चौंकाया

Prince Yadav on Virat Kohli wicket: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अगर किसी एक गेंदबाज के नाम की गूंज सबसे ज्यादा सुनाई दे रही है, तो वह हैं लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव। गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच में प्रिंस ने कुछ ऐसा कर दिखाया, जिसकी चर्चा आज हर क्रिकेट फैन की जुबान पर है। उन्होंने किंग विराट कोहली को शून्य (0) पर आउट कर सनसनी मचा दी।

विराट का वो विकेट और सन्नाटा

आरसीबी के सामने 213 रनों का विशाल लक्ष्य था। उम्मीद थी कि विराट कोहली क्रीज पर टिककर मैच जिताएंगे, लेकिन प्रिंस यादव के इरादे कुछ और ही थे। पारी का दूसरा ओवर लेकर आए प्रिंस ने अपनी दूसरी ही गेंद पर विराट को चारों खाने चित कर दिया। गेंद की मूवमेंट इतनी शानदार थी कि विराट का विकेट उड़ गया और वह खुद हैरान रह गए। बता दें कि साल 2017 के बाद विराट कोहली पहली बार आईपीएल में बिना खाता खोले आउट हुए हैं।

खुद की सलाह ही विराट पर भारी पड़ी

मैच के बाद जब प्रिंस यादव से पूछा गया कि उन्होंने विराट कोहली जैसे दिग्गज को कैसे फंसाया, तो उन्होंने एक बड़ा राज़ खोला। प्रिंस ने बताया, ‘पिछले मैच के बाद मेरी विराट भैया से बात हुई थी। उन्होंने बड़े प्यार से मुझे सलाह दी थी कि ‘जिस लेंथ पर तुम्हें मदद मिल रही है, बस उसी पर टिके रहो और गेंदबाजी करते रहो।’ मैंने उनकी वही बात गांठ बांध ली और आज उन्हीं के खिलाफ उसी लेंथ पर गेंद डाली।’

प्रिंस यादव का घातक प्रदर्शन

प्रिंस ने इस मैच में सिर्फ विराट का ही नहीं, बल्कि देवदत्त पड्डिकल और जितेश शर्मा का भी विकेट चटकाया। उन्होंने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 अहम विकेट लिए। प्रिंस की इसी गेंदबाजी की बदौलत आरसीबी 203 रन ही बना सकी और लखनऊ ने यह रोमांचक मुकाबला 9 रन से जीत लिया।

सीजन के प्रिंस बन रहे हैं यादव

प्रिंस यादव आईपीएल 2026 में लखनऊ के सबसे सफल गेंदबाज बन चुके हैं। वह अब तक 10 मैचों में 16 विकेट झटक चुके हैं। पर्पल कैप की रेस में वह भुवनेश्वर कुमार और अंशुल कंबोज के बाद तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। लखनऊ की इस जीत में जहां प्रिंस की गेंदबाजी चमकी, वहीं बल्ले से मिशेल मार्श ने भी तबाही मचाई। मार्श ने महज 56 गेंदों पर 111 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेलकर टीम की जीत की नींव रखी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *