शाहजहांपुर में बारातियों द्वारा पुलिसकर्मियों से मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना मदनापुर के हैदलपुर गांव में हुई, जहां बग्घी वाले से विवाद के बाद डायल 112 पुलिस को बुलाया गया था। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मदनापुर निवासी राजेंद्र बग्घी चलाते हैं। रविवार रात वह हैदलपुर गांव निवासी अमरपाल सिंह के यहां बारात में बग्घी लेकर गए थे। रुपये के लेनदेन को लेकर बग्घी वाले और वर-वधू पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। तस्वीरें देखिए… विवाद बढ़ने पर बग्घी वाले ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी बारातियों ने मारपीट की। इस दौरान पुलिसकर्मियों की नेमप्लेट भी नोच ली गई। वायरल वीडियो में महिलाएं भी पुलिसकर्मियों की पिटाई करती दिख रही हैं। थाने से अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचने के बाद कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।


